लोकसभा चुनाव 2019: तेजस्वी प्रसाद यादव ने आरक्षण को की मुद्दा बनाने की कोशिश, कहा- बीजेपी सरकार बनी तो पिछड़ा वर्ग के रिजर्वेशन में 10 प्रतिशत की कटौती
राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेता और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव (Tejashwi Yadav Yadav) ने गुरुवार को एक बार फिर इस लोकसभा चुनाव में आरक्षण को मुद्दा बनाने की कोशिश की है...
पटना: राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेता और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव (Tejashwi Yadav Yadav) ने गुरुवार को एक बार फिर इस लोकसभा चुनाव में आरक्षण को मुद्दा बनाने की कोशिश की है. राजद नेता ने कहा कि अगर भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सरकार बनी तो 31 मई के बाद साजिश के तहत पिछड़ा वर्ग के आरक्षण में 10 प्रतिशत की कटौती होना तय है.
तेजस्वी ने गुरुवार को एक अंग्रेजी समाचार पत्र की कटिंग के साथ ट्वीट करते हुए कहा, "अगर भाजपा आई तो 31 मई के बाद साजिशन 10 प्रतिशत पिछड़ा आरक्षण समाप्त कर देगी, जिसमें सबसे पहले कुशवाहा, कोयरी, दांगी, कुर्मी, पटेल और अहीर का आरक्षण होगा. उसके बाद बारी-बारी अतिपिछड़ा और अनुसूचित वगोर्ं का आरक्षण खत्म करेंगे और रातों-रात ये स्वयं का बढ़ा लेंगे."
यह भी पढ़ें: तेजस्वी यादव का बीजेपी पर हमला, कहा- लालू प्रसाद के साथ हो रहा युद्धबंदियों से भी बदतर व्यवहार, देखें Video
उल्लेखनीय है कि तेजस्वी ने जी रोहिणी समिति को लेकर अंग्रेजी के एक समाचार पत्र में छपी खबर के अनुसार इसका दावा किया है. इस समिति का गठन अन्य पिछड़ा वर्ग के उपवर्गीकरण की व्यवहार्यता का अध्ययन करने के लिए किया गया है.
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कई बार सार्वजनिक रूप से इस बात का खंडन किया है कि आरक्षण के साथ कोई छेड़छाड़ की जाएगी. दोनों नेता कई चुनावी सभाओं में कह चुके हैं कि भविष्य में कोई भी दल या गठबंधन आरक्षण को खत्म करने की हिम्मत नहीं कर सकता.
(The above story first appeared on LatestLY on May 09, 2019 03:27 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

