लोकसभा चुनाव 2019: उत्तर प्रदेश उन्नाव से सपा ने अन्ना महाराज को बनाया प्रत्याशी, आज करेंगे नामांकन
उत्तर प्रदेश की उन्नाव लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी (सपा) ने अरुण शंकर शुक्ला (Arun Shankar Shukla) उर्फ अन्ना महाराज को गठबंधन का प्रत्याशी घोषित किया है....
लखनऊ: उत्तर प्रदेश की उन्नाव लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी (सपा) ने अरुण शंकर शुक्ला (Arun Shankar Shukla) उर्फ अन्ना महाराज को गठबंधन का प्रत्याशी घोषित किया है. वह अब पूजा पाल की जगह चुनाव लड़ेंगे. वह आज (मंगलवार) अपना नामांकन करेंगे. सपा के जिला महासचिव राजेश यादव ने बताया, "अन्ना को सपा-बसपा गठबंधन का प्रत्याशी बनाया गया है. वह आज अपना नामांकन करेंगे. जिन्हें पहले प्रत्याशी बनाया गया था, उनके कागजात में कुछ तकनीकी दिक्कत होने के कारण पार्टी ने यह कदम उठाया है."
सपा के कुछ नेताओं का कहना है कि पूजा पाल की वैवाहिक स्थिति पर असमंजस था, जिसकी वजह से उनका पर्चा रद्द हो सकता था. इसीलिए उनका टिकट काटा गया. अन्ना उन्नाव से दो बार चुनाव लड़ चुके हैं. लोकसभा चुनाव 2014 में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साक्षी महाराज ने उन्हें हराया था. इस बार उनका मुकाबला भाजपा के साक्षी महाराज और कांग्रेस की अनु टंडन से है.
अन्ना महाराज ने कहा, "मैं पार्टी के विश्वास पर खरा उतरूंगा, पूरी मजबूती के साथ चुनाव लडूंगा और सीट जीतकर पार्टी की झोली में डालूंगा. उन्नाव की जनता मुझे बहुत प्यार करती है." गौरलब है कि सपा ने इलाहाबाद पश्चिम की पूर्व विधायक पूजा पाल को यहां से मैदान में उतारा था. लेकिन पार्टी में उनके विरोध की आवाज उठने लगी थी.
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 09, 2019 11:02 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

