कर्नाटक: मंदिरों पर 10 प्रतिशत टैक्स लगाने पर भड़की भाजपा, राजीव चंद्रशेखर बोले- हिंदू श्रद्धालुओं का पैसा लूट रही है कांग्रेस सरकार
केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा नेता राजीव चंद्रशेखर ने कर्नाटक सरकार की आलोचना की और कहा कि मंदिरों पर 10 प्रतिशत टैक्स लगा करके राज्य की सत्तारूढ़ पार्टी एक नये ‘निचले स्तर’ तक गिर गई है.
नयी दिल्ली, 22 फरवरी: केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा नेता राजीव चंद्रशेखर ने कर्नाटक विधानसभा द्वारा पारित हिंदू धार्मिक संस्थान और धर्मार्थ बंदोबस्ती विधेयक को लेकर राज्य की कांग्रेस सरकार की बृहस्पतिवार को आलोचना की और कहा कि ऐसा करके राज्य की सत्तारूढ़ पार्टी एक नये ‘निचले स्तर’ तक गिर गई है.
चंद्रशेखर ने कहा, ‘‘हर बार जब आप सोचते हैं कि राहुल गांधी की पार्टी कांग्रेस और निचले स्तर तक नहीं गिर सकती, तो उनके और भी न्यूनतम स्तर तक गिरने का एक नया उदाहरण सामने आ जाता है.’’
उन्होंने कहा, ‘‘कर्नाटक कांग्रेस के लिए राहुल गांधी के चुने हुए नेता डी के शिवकुमार और सिद्धरमैया के नेतृत्व वाली कर्नाटक सरकार धार्मिक बंदोबस्ती विधेयक लेकर आई, जिसमें उनका प्रस्ताव है कि हर साल हिंदू मंदिरों को मिलने वाले दान का 10 प्रतिशत हिस्सा सरकार बिना कोई कारण बताये ले लेगी.’’
उन्होंने कहा, ‘‘यह धनराशि जो आस्था के प्रतीक के रूप में हिंदू श्रद्धालुओं द्वारा मंदिर के रखरखाव के लिए दी जा रही है, एक तरह से कर्नाटक सरकार द्वारा कांग्रेस की विभिन्न आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए लूटी जा रही है.’’
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता चंद्रशेखर ने कहा, ‘‘यह वह सरकार है जिसने कुछ ही महीनों में करोड़ों रुपये की बंदरबांट करके इसे अपने ठेकेदारों को दे दिया. और अब वे अपनी भ्रष्ट राजनीति को वित्त पोषित की कोशिश कर रहे हैं और कर्नाटक में हिंदू श्रद्धालुओं को अब कर्नाटक कांग्रेस की एटीएम मशीन को पैसा देना होगा... हिंदू श्रद्धालुओं का पैसा कर्नाटक सरकार द्वारा लूटा जा रहा है.’’
कर्नाटक सरकार ने बुधवार को विधानसभा में हिंदू धार्मिक संस्थान और धर्मार्थ बंदोबस्ती विधेयक पारित कर दिया. विधेयक में कहा गया है कि सरकार उन मंदिरों की आय का 10 प्रतिशत राजस्व एकत्र करेगी जिनकी आय एक करोड़ रुपये से अधिक है.
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Feb 22, 2024 08:22 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

