देश

उत्तर प्रदेश: CM योगी आदित्यनाथ ने कहा- राज्य में विशेष अभियान चलाकर उद्योग शुरू किए जाएं

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में उद्योगों को शुरू करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाना चाहिए. लोकभवन में कोरोना वायरस के संबंध में किए गए प्रेस कांफ्रेंस में अपर मुख्य सचिव अवनीश कुमार अवस्थी ने बताया कि मुख्यमंत्री ने पूरे प्रदेश में उद्योगों के संचालन की विशेष समीक्षा की है. उत्तर प्रदेश में कोरोना से रिकवरी की दर 33 प्रतिशत है, जबकि देश की रिकवरी दर 27 प्रतिशत है.

उत्तर प्रदेश: CM योगी आदित्यनाथ ने कहा- राज्य में विशेष अभियान चलाकर उद्योग शुरू किए जाएं
सीएम योगी आदित्यनाथ (Photo Credits-ANI Twitter)

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) ने कहा कि प्रदेश में उद्योगों को शुरू करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाना चाहिए. मंगलवार को यहां के लोकभवन में कोरोना वायरस के संबंध में किए गए प्रेस कांफ्रेंस में अपर मुख्य सचिव (गृह) अवनीश कुमार अवस्थी ने बताया कि मुख्यमंत्री ने पूरे प्रदेश में उद्योगों के संचालन की विशेष समीक्षा की है. उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा है कि प्रदेश स्तर पर विशेष अभियान चलाते हुए औद्योगिक क्षेत्र को गति दी जाए साथ ही उद्योगों को शुरू कराया जाए. इसके लिए सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिया गया है.

अवस्थी ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी ने समीक्षा बैठक में निर्देश दिया कि हर हाल में प्रदेश के उद्योग-धंधों को गति देने पर विशेष बल दिया जाए. संभव हो तो सेक्टोरियल नीतियां बनाई जाएं. उन्होंने सिंगल विंडो और लेबर रिफॉर्म पर 2 दिनों के अंदर प्रस्ताव बनाकर उन्हें जल्द से जल्द फैसला करने की बात कही है.

यह भी पढ़ें: शराब के नशे में धुत्त युवक ने सांप को दांतों से काटकर किया टुकड़े-टुकड़े, कहा- ‘तुम्हारी हिम्मत कैसे हुई मेरा रास्ता रोकने की’- देखें वायरल वीडियो

अपर मुख्य सचिव (गृह) ने बताया कि मुख्यमंत्री के दिशा-निर्देशन में अब तक 63 हजार 958 से अधिक लोगों को यूपी में वापस लाया गया है. उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर जनसुनवाई पोर्टल केद्वारा भी प्रवासी लोगों की समस्याओं का समाधान करने की बात कही है. उन्होंने बताया इसके जरिए प्रवासी नागरिक सहयोग ले सकते हैं. इस पोर्टल पर कोई भी नाम पता दर्ज कर सहायता प्राप्त कर सकता है.

अवस्थी ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी को प्रदेश व गैर प्रदेश ही नहीं, बल्कि उन लोगों की भी चिंता है जो विदेशों में हैं. उन्होंने बताया कि भारत सरकार के विदेश मंत्रालय के सहयोग से यूपी के ऐसे लोग जो विदेशों में हैं, उन्हें लाने की योजना की तैयारी करने का निर्देश दिया गया है. ऐसे लोगों को लाने के लिए लखनऊ और बनारस एयरपोर्ट की सेवा ली जाएगी. साथ ही, वहीं पर क्वारंटीन व स्वास्थ्य परीक्षण की भी सुविधा स्थापित करने का निर्देश दिया है.

अपर मुख्य सचिव ने बताया कि उत्तर प्रदेश के लिए लगातार श्रमिक स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि अभी तक 10 से अधिक ट्रेन आ चुकी हैं. उन्होंने बताया कि 9 ट्रेनें उत्तर प्रदेश के लिए चल चुकी हैं और 6 अन्य ट्रेनों को उत्तर प्रदेश आने के लिए सहमति दे गई है. उन्होंने बताया कि गैर राज्यों से उत्तर प्रदेश में लोगों की वापसी के लिए यूपी सरकार ने 29 ट्रेनों की व्यवस्था की है.

अवस्थी ने बताया कि मुख्यमंत्री आदित्यनाथ के कुशल दिशा-निर्देशन में कोरोना से रिकवरी का प्रतिशत लगातार बढ़ रहा है. उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में कोरोना से रिकवरी की दर 33 प्रतिशत है, जबकि देश की रिकवरी दर 27 प्रतिशत है. देश से उत्तर प्रदेश की रिकवरी दर 6 प्रतिशत अधिक है.

(The above story first appeared on LatestLY on May 06, 2020 08:44 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).