एजेंसी न्यूज

सिद्धू को जेल में खाने के लिए मिलेगा पनीर, फल, बादाम और नारियल पानी- बैरक से ही करेंगे मुंशी का काम

पटियाला केंद्रीय कारागार में बंद कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू को ‘मुंशी’ का काम दिया गया है और डॉक्टरों की सिफारिश पर उनके रोजाना के भोजन में नारियल पानी, जूस, लैक्टोस मुक्त दूध, बादाम और अन्य खास चीजें शामिल की गई हैं.

सिद्धू को जेल में खाने के लिए मिलेगा पनीर, फल, बादाम और नारियल पानी- बैरक से ही करेंगे मुंशी का काम
कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्दू (Photo Credits: ANI)

चंडीगढ़: पटियाला केन्द्रीय कारागार में बंद कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू (Navjot Singh Sidhu) को ‘मुंशी’ का काम दिया गया है और डॉक्टरों की सिफारिश पर उनके रोजाना के भोजन में नारियल पानी, जूस, लैक्टोस मुक्त दूध, बादाम और अन्य खास चीजें शामिल की गई हैं. सिद्धू के अनुरोध पर चिकित्सकों के एक बोर्ड ने कांग्रेस नेता के लिए विशेष आहार की सिफारिश की है. सिद्धू की चिकित्सा जांच पंजाब के पटियाला जिले के राजिन्दर अस्पताल में 23 मई को हुई थी.

नवजोत सिंह सिद्धू के विशेष आहार में तड़के एक कप रोजमेरी चाय या एक गिलास नारियल पानी, नाश्ते में एक कप लैक्टोज मुक्त दूध, एक बड़ा चम्मच अलसी/खरबूजे का बीच/चिया, पांच-छह बादाम, एक अखरोट और पीकैन नट शामिल हैं.

नाश्ते और दोपहर के भोजन के बीच चिकित्सकों ने सिद्धू को एक गिलास जूस (चुकंदर, खीरा, तुलसी के पत्ते, आंवला, गाजर आदि) या तरबूज, खरबूजा, कीवी, अमरूद आदि किसी फल का जूस, या अंकुरित काला चना, हरा चना, खीरा/टमाटर/नींबू/एवोकाडो की सलाद देने की सिफारिश की है.

चिकित्सकों ने दोपहर के भोजन में खीरा, मौसमी हरी सब्जी, ज्वार/सिंघाड़ा/रागी की एक रोटी देने की सिफारिश की है. शाम को कम वसा वाले दूध से बनी एक कप चाय और आधे नींबू के साथ 25 ग्राम पनीर या सोया पनीर देने को कहा है.

चिकित्सकों ने रात के भोजन में सिद्धू को मिश्रित सब्जियां, दाल, का सूप या काले चने का सूप और एक कटोरी हरी सब्जी देने को कहा है.

चिकित्सकों ने रात को सोने से पहले सिद्धू को एक कप कैमोमाइल चाय और गुनगुने पानी में एक चम्मच इसबगोल देने को कहा है.

जेल के एक अधिकारी ने बताया कि क्रिकेट से राजनीति में आये 58 वर्षीय सिद्धू को मुंशी का काम सौंपा गया है और सुरक्षा कारणों से अपनी बैरक में रहते हुए यह काम करेंगे.

जेल नियमावली के अनुसार कैदियों को कुशल, अर्द्धकुशल और अकुशल श्रमिक श्रेणियों में बांटा जाता है. जेल में सौंपे गए काम के लिहाज से अकुशक श्रमिकों को 40 रुपये प्रतिदिन, अर्द्धकुशल को 50 रुपये और कुशल श्रमिकों को 60 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से मेहनताना दिया जाता है.

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 26, 2022 06:45 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).