Gujarat Election 2022: गुजरात में बीजेपी ने झोंकी पूरी ताकत, 3 मुख्यमंत्री-6 केंद्रीय मंत्री शुक्रवार से करेंगे धुआंधार प्रचार
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) गुजरात विधानसभा चुनाव में उन 89 में से 82 सीटों पर शुक्रवार से धुआंधार प्रचार करेगी जहां पहले चरण में मतदान होना है.
अहमदाबाद/ नई दिल्ली, 17 नवंबर: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) गुजरात विधानसभा चुनाव में उन 89 में से 82 सीटों पर शुक्रवार से धुआंधार प्रचार करेगी जहां पहले चरण में मतदान होना है.
प्रदेश भाजपा प्रमुख सीआर पाटिल ने कहा कि तीन राज्यों के मुख्यमंत्री, छह केंद्रीय मंत्री और छह अन्य राष्ट्रीय नेता एक ही दिन में 46 विधानसभा सीटों को कवर करेंगे, जबकि राज्य के नेता 36 सीटों पर प्रचार करेंगे. UP: डिंपल यादव को लोकसभा पहुंचने के लिए अखिलेश-शिवपाल के बीच सुलह, क्या BJP के खौफ ने चाचा-भतीजे को किया मजबूर ?
उन्होंने कहा कि यह पहले चरण के लिए पार्टी के प्रचार की शुरुआत करेगा. पहले चरण के चुनाव के लिए नामांकन वापस लेने की आखिरी तारीख बृहस्पतिवार को थी. पाटिल ने कहा कि परंपरा के मुताबिक, भाजपा 89 में से 82 सीटों पर धुआंधार कार्यक्रम करेगी.
इसी कड़ी में भाजपा प्रमुख जेपी नड्डा नवसारी, अंकलेश्वर और राजकोट पूर्व में तीन रैलियों को संबोधित करेंगे जबकि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी नरेन्द्र सिंह तोमर और अनुराग ठाकुर क्रमश: तीन और चार-चार रैलियों को संबोधित करेंगे.
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और मध्य प्रदेश के उनके समकक्ष शिवराज सिंह चौहान भी तीन से चार चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे.
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस, केंद्रीय मंत्री वी के सिंह और फग्गन सिंह कुलस्ते सहित कई केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता भी चुनावी राज्य में विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में रैलियों को संबोधित करेंगे. इनके अलावा उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, पश्चिम बंगाल में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी, भाजपा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या और सांसद जामयांग त्सेरिंग नामग्याल भी उन राष्ट्रीय नेताओं की सूची में हैं, जो शुक्रवार को चुनाव प्रचार करेंगे.
पाटिल ने कहा, “ राष्ट्रीय नेताओं के अलावा, गुजरात के मुख्यमंत्री (भूपेंद्र पटेल), पूर्व मुख्यमंत्री (विजय रूपाणी), पूर्व उप मुख्यमंत्री, पूर्व विधायक जो चुनाव नहीं लड़ रहे हैं, पूर्व मंत्री और गुजरात के संसद सदस्य प्रचार में हिस्सा लेंगे.
उन्होंने कहा कि 83 विधानसभा सीटों पर जनसभाओं को संबोधित करने के बाद नेता 'डबल इंजन वाली भाजपा सरकार' की उपलब्धियों का संदेश फैलाने के लिए शुक्रवार से तीन दिन तक घर-घर जाकर प्रचार करेंगे.
गुजरात में दो चरणों में एक दिसंबर और पांच दिसंबर को मतदान होगा और मतगणना आठ दिसंबर को होगी. पहले चरण में सौराष्ट्र, कच्छ और दक्षिण गुजरात के इलाकों में मतदान होगा. दूसरे चरण में उत्तर गुजरात और मध्य गुजरात की 93 सीटों पर मतदान होगा.
भाजपा 1995 से लगातार छह विधानसभा चुनावों में जीत दर्ज कर चुकी है. पार्टी इस राज्य में जीत के सिलसिले को बनाए रखना चाहती है. आम तौर पर गुजरात में मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच ही होता आया है, लेकिन इस बार आम आदमी पार्टी ने अपनी पूरी ताकत झोंककर चुनाव को दिलचस्प बना दिया है.
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Nov 17, 2022 09:38 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

