देश

Gujarat Civic Polls Result 2021: भाजपा के गढ़ गुजरात में AAP की धमाकेदार इंट्री, अरविंद केजरीवाल बोले-राज्य में सेटिंग की राजनीति का अंत हुआ

आम आदमी पार्टी ने भारतीय जनता पार्टी के गढ़ गुजरात में संपन्न हुए नगर निगमों के चुनाव में धमाकेदार इंट्री की है. ‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा, ‘‘नई राजनीति की शुरूआत करने के लिए गुजरात के लोगों को दिल से बधाई.’’ उन्होंने कहा कि गुजरात के लोगों ने काम की राजनीति को वोट दिया। गुजरात के लोग भाजपा और कांग्रेस की राजनीति से त्रस्त थे.

Gujarat Civic Polls Result 2021: भाजपा के गढ़ गुजरात में AAP की धमाकेदार इंट्री, अरविंद केजरीवाल बोले-राज्य में सेटिंग की राजनीति का अंत हुआ
अरविंद केजरीवाल (Photo Credits-File Photo)

नई दिल्ली, 23 फरवरी, 2021. आम आदमी पार्टी ने भारतीय जनता पार्टी के गढ़ गुजरात में संपन्न हुए नगर निगमों के चुनाव में धमाकेदार इंट्री की है. ‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा, ‘‘नई राजनीति की शुरूआत करने के लिए गुजरात के लोगों को दिल से बधाई.’’ उन्होंने कहा कि गुजरात के लोगों ने काम की राजनीति को वोट दिया। गुजरात के लोग भाजपा और कांग्रेस की राजनीति से त्रस्त थे. गुजरात के लोगों को एक विकल्प चाहिए था और आम आदमी पार्टी के रूप में उनको यह विकल्प मिला है. अब आने वाला चुनाव सिर्फ आम आदमी पार्टी और भाजपा के बीच होगा।

वहीं, ‘आप’ के मुख्य प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज ने कहा कि मोदी के गढ़ में लोग भाजपा को बदलने कोशिश कर रहे हैं और वह मौका कांग्रेस की जगह आम आदमी पार्टी को दे रहे हैं. यह पहली बार सच होने जा रहा है कि गुजरात में सिर्फ भाजपा और आम आदमी पार्टी ही है, वहां कांग्रेस नाम की कोई तीसरी पार्टी नहीं है. उन्होंने कहा कि देश भर से कांग्रेस अब खत्म होती जा रही है. जब तक कांग्रेस खत्म नहीं होगी, तब तक भाजपा की सरकारें बनती रहेंगी, क्योंकि कांग्रेस भाजपा की ऑक्सीजन हैं. सौरभ भारद्वाज ने रूझानों का हवाला देते हुए कहा कि अभी तक ‘आप’ सूरत में 27 सीटें जीत गई है और 17 सीटों पर दूसरे नंबर पर है, जबकि राजकोट में 13 और अहमदाबाद में 16 सीटों के साथ दूसरे नंबर पर है. यह भी पढ़ें-Gujarat Civic Polls Result 2021: गुजरात निकाय चुनाव परिणाम विकास की राजनीति में लोगों की विश्वास को प्रदर्शित करता है- PM मोदी

-भाजपा के प्रति लोगों में गुस्सा है और आम आदमी पार्टी उनकी एक उम्मीद बन गई है- मनीष सिसोदिया

वहीं, आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि गुजरात के सभी शहरों में लोग आम आदमी पार्टी पर भरोसा जता रहे हैं। भाजपा के गढ़ सूरत में आम आदमी पार्टी नंबर दो पर है। लोग अब परिवर्तन चाह रहे हैं और वो आम आदमी पार्टी के रूप में देख रहे हैं। अभी तक गुजरात में जो सेटिंग की राजनीति थी, उसका अंत हो गया। अब सेटिंग की राजनीति नहीं चलेगी, अब जनता के मुद्दे चलेंगे. हम जनता के मुद्दों को सड़क पर भी उठाएंगे और सदन में भी उठाएंगे। सूरत के लोगों ने गजब कर दिया है, उन्हें धन्यवाद है। गुजरात के लोग भाजपा से परेशान हो चुके हैं, उन्हें कांग्रेस पर भरोसा नहीं है. भाजपा के प्रति लोगों में गुस्सा है और आम आदमी पार्टी उनकी एक उम्मीद बन गई है.

-गुजरात नगर निगमों के चुनाव परिणाम काफी चैकाने वाले आ रहे- सौरभ भारद्वाज

आम आदमी पार्टी मुख्यालय में आज मुख्य प्रवक्ता एवं विधायक सौरभ भारद्वाज ने एक प्रेस वार्ता को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि जैसा कि विदित है, आम आदमी पार्टी दिल्ली के अलावा देश के अलग-अलग राज्यों में पहली बार जमीनी स्तर के चुनाव लड़ रही है. ‘आप’ शहरी क्षेत्रों में नगर निगम और ग्रामीणों क्षेत्रों में ग्राम पंचायत व जिला पंचायत के चुनाव लड़ रही है। हमने महाराष्ट्र और हिमाचल के अंदर चुनावों में शिरकत की। पंजाब के अंदर नगर निगम का चुनाव लड़ा और आज गुजरात के अंदर पहली बार आम आदमी पार्टी ने नगर निगमों के चुनाव लड़े. यह चुनाव गुजरात के बड़े-बड़े शहरों के अंदर लड़े जा रहे हैं। वहां से लोगों के लिए काफी चैकाने वाले नतीजे आ रहे हैं। गुजरात का सबसे मशहूर महानगर सूरत, जो डायमंड और टैक्सटाइल इंडस्ट्री के लिए पूरे देश और पूरी दुनिया में जाना जाता है। सूरत डायमंड सिटी और टेक्सटाइल सिटी कहलाता है.

-गुजरात के अंदर आ रहे परिणामों के कई राजनैतिक मायने भी निकाले जाएंगे- सौरभ भारद्वाज

सौरभ भारद्वाज ने कहा कि गुजरात के अंदर जो परिणाम आए हैं, इनके कई राजनैतिक मायने भी निकाले जाएंगे. हमारी समझ में यह एक बहुत बड़ी बात है कि मोदी का विकास मॉडल कहलाने वाला गुजरात, जहां पर पिछले 25 सालों से सूरत नगर निगम में और गुजरात में भाजपा की सरकार है, वहां पर आज लोग अगर भाजपा को बदलने की कोशिश कर रहे हैं, तो वह मौका कांग्रेस की जगह आम आदमी पार्टी को दिया जा रहा है. मैं खुद कुछ दिनों पहले गुजरात के सूरत, बड़ोदरा और अन्य शहरों में गया था। वहां पूरे चुनाव के दौरान कांग्रेस कहीं पर भी लड़ती नजर ही नहीं आई। वहां पर न तो कांग्रेस सड़क पर चुनाव लड़ती नजर आई और न पिछले 25 सालों में कांग्रेस किसी सदन के अंदर भाजपा से लड़ती दिखी। वहां पर ऐसा कहीं लगता ही नहीं है कि कोई दूसरी पार्टी है। वहां सिर्फ एक पार्टी, भाजपा है.

-लोग अब भाजपा का विकल्प कांग्रेस की जगह आम आदमी पार्टी में देख रहे हैं- सौरभ भारद्वाज

सौरभ भारद्वाज ने कहा कि पूरे देश में कहा जाता था कि गुजरात दो पार्टियों का राज्य है. मुझे लगता है कि आज पहली बार यह सच होने जा रहा है कि गुजरात दो पार्टियों का राज्य है, जहां भाजपा और आम आदमी पार्टी है. वहां पर तीसरी कोई पार्टी नहीं है। दूसरी बड़ी बात यह है कि जहां-जहां लोग भाजपा से परेशान हैं, जहां-जहां भी देश के अन्य राज्यों में लोगों को लगा कि भाजपा के शासन में उनकी उम्मीदें और वादे पूरे नहीं हुए। वहां लोगों ने भाजपा को हराने के लिए वोट दिया. पहली विपक्षी दल होने के नाते कांग्रेस को वोट मिला और कांग्रेस ने सीटें जीती, मगर कांग्रेस के विधायक जीतने के बावजूद भी सरकारें भाजपा की बनी। जिससे लोग बहुत आहत और दुखी हैं. लोगों को लगता है कि यह धोखेबाजी है और ऐसा एक जगह नहीं हुआ। ऐसा गोवा में हुआ, कर्नाटक में हुआ, मध्य प्रदेश में हुआ और अभी हाल ही में दो-तीन दिन पहले पुंडीचेरी में हुआ. इस तरह वोट अगर कांग्रेस को भी दिए जा रहे हैं, तो सरकार बीजेपी की बन रही है, क्योंकि वोट कांग्रेस को दिया जाता है, विधायक चुन कर कांग्रेस का आता है, लेकिन बिक कर वह भाजपा में चला जाता है और सरकार भाजपा की बन जाती है. कांग्रेस की यह बहुत बड़ी आंतरिक समस्या हो गई है कि लोगों को भाजपा का विकल्प अब कांग्रेस में दिखना बंद हो गया है. अब भाजपा का वह विकल्प आम आदमी पार्टी है.

-कांग्रेस बीजेपी का आँक्सीजन- सौरभ भारद्वाज

सौरभ भारद्वाज ने कहा कि आम आदमी पार्टी बहुत सारे राज्यों में जमीनी स्तर पर चुनाव लड़ रही है। कहीं पर हम जीत रहे हैं और कहीं पर हम हार रहे हैं, लेकिन यह बात सामने निकल कर आ रही है कि कांग्रेस अब खत्म हो रही है। जब तक कांग्रेस खत्म नहीं होगी, तब तक भाजपा की सरकारें बनती रहेंगी। क्योंकि कांग्रेसी भाजपा का ऑक्सीजन हैं. कांग्रेस वह पंचिंग बैग है, जिसको पंच कर, करके मोदी बॉक्सर नंबर वन कहलाते हैं. राहुल गांधी इस राजनीतिक के रेसलिंग के वो खिलाड़ी हैं, जिसके अंदर मोदी अपने खिलाफ कौन बॉक्सिंग करेगा, वह स्वयं मोदी चुनते हैं. वह कहते हैं कि मेरा मुकाबला किसी से नहीं है, मेरा मुकाबला सिर्फ राहुल गांधी से है। राहुल गांधी बनाम नरेंद्र मोदी कर, नरेंद्र मोदी को ऊपर और राहुल गांधी को नीचे दिखाकर नरेंद्र मोदी को निर्विरोध भारत का नेता बनाया जा रहा है. कांग्रेस बीजेपी का आँक्सीजन है और राहुल गांधी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राजनीतिक ऑक्सीजन हैं.

-सूरत में आम आदमी पार्टी दूसरे नंबर की पार्टी बन कर उभरी- सौरभ भारद्वाज

सौरभ भारद्वाज ने कहा कि सूरत में आम आदमी पार्टी 27 सीटें जीत गई है और 17 सीटों पर दूसरे नंबर पर चल रही है। अभी तक के रुझानों के अनुसार यह कहा जा सकता है कि सूरत नगर निगम में सबसे बड़ी पार्टी भाजपा है और हो सकता है कि नगर निगम में भाजपा की सरकार बन जाए, जबकि दूसरी दावेदार और पहली विपक्षी पार्टी आम आदमी पार्टी बन गई है, जबकि कांग्रेस को सूरत के लोगों ने नकार दिया है. कांग्रेस सूरत में तीसरे नंबर की पार्टी बन गई है। गुजरात के राजकोट शहर में आम आदमी पार्टी 13 सीटों के साथ दूसरे नंबर पर है. अहमदाबाद में 16 सीटों के साथ आम आदमी पार्टी दूसरे नंबर पर है और जामनगर व अन्य शहरों में भी पहली बार बार चुनाव लड़ने के लिहाज से आम आदमी पार्टी को गुजरात के लोगों ने अपना प्यार और आशीर्वाद दिया है। अभी तक ‘आप’ 21 सीटें जीत चुकी है। हम हाथ जोड़ कर गुजरात की जनता का पूरे दिल से धन्यवाद करना चाहते हैं कि उन्होंने आम आदमी पार्टी को इस लायक समझा.

-गुजरात में "आप" की जीत का यह रहा कारण

गुजरात में आम आदमी पार्टी ने गोपाल इटालिया के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी के हर कार्यकर्ता ने खूब मेहनत करके पार्टी का संदेश घर- घर तक पहुंचाया. जीत की यह बड़ी वजह बनी.

-महाराष्ट्र, हिमाचल प्रदेश, जम्मू कश्मीर और गोवा की अपनी स्वीकार्यता साबित कर चुकी है ‘आप’

इससे पहले, आम आदमी पार्टी ने महाराष्ट्र, हिमाचल प्रदेश, जम्मू कश्मीर और गोवा की जनता के बीच अपनी स्वीकार्यता को साबित कर चुकी है। महाराष्ट्र में हाल ही में संपन्न हुए ग्राम पंचायत चुनाव में ‘आप’ ने धमाकेदार इंट्री करते हुए 300 सीटों में से 145 पर जीत दर्ज की। हिमाचल प्रदेश में संपन्न हुए पंचायत चुनाव ‘आप’ ने 40 प्रत्याशी मैदान में उतारे थे और 36 सीटों पर ऐतिहासिक जीत दर्ज की. ‘आप’ जम्मू कश्मीर में जिला विकास काउंसिल सदस्य की एक सीट जीत चुकी है. इसके अलावा, गोवा में जिला पंचायत सदस्य की एक सीट भी जीत चुकी है.

(The above story first appeared on LatestLY on Feb 23, 2021 09:22 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).