छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव 2018: बिलासपुर में कांग्रेस पर बरसे पीएम मोदी, कहा-विरोधी दलों को समझ नहीं आ रहा कि बीजेपी का मुकाबला कैसे करें
प्रधानमंत्री मोदी बिलासपुर के साइंस कॉलेज मैदान से जनसभा को संबोधित कर रहें हैं. पीएम मोदी ने यहां विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा "हमारे विरोधी दलों को अभी तक समझ नहीं आ रहा है कि भारतीय जनता पार्टी के साथ मुकाबला कैसे करें"
रायपुर: छत्तीसगढ़ में पहले चरण की 18 विधानसभा सीट पर मतदान के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह छत्तीसगढ़ के दौरे पर हैं. प्रधानमंत्री मोदी बिलासपुर के साइंस कॉलेज मैदान से जनसभा को संबोधित कर रहें हैं. इसके बाद पीएम वाराणसी जाएंगे और कई परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे. प्रधानमंत्री ने कहा कि कई साल तक मैंने बिलासपुर में काम किया है. पीएम मोदी ने कहा "छत्तीसगढ़ हिंदुस्तान के धान का कटोरा है. यहां पर कबीर को मानने वाले लोग हैं, जो शांति का संदेश देते हैं."
पीएम मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा "छत्तीसगढ़ की सेवा करने का हमें बार-बार मौका मिला है उसका एक कारण है कि यहां की जनता और सरकार के बीच में संगठन के कार्यकर्ताओं की मजबूत कड़ी"
पिस्तौल का दम दिखाने वालों को जनता देगी जवाब
राज्य में नक्सलियों पर हमला बोलते हुए पीएम ने कहा कि मतदान करना लोकतंत्र का सबसे बड़ा उत्सव होता है और मुझे विश्वास है कि बम, बंदूक और पिस्तौल का दम दिखाने वालों को लोकतंत्र की ताकत जवाब दे करके रहेगी.
कांग्रेस पर लगाया वंशवाद का आरोप
पीएम मोदी ने यहां विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा "हमारे विरोधी दलों को अभी तक समझ नहीं आ रहा है कि भारतीय जनता पार्टी के साथ मुकाबला कैसे करें" पीएम मोदी ने कांग्रेस पर वंशवाद का आरोप लगाते हुए कहा "कांग्रेस पार्टी की पूरी की पूरी राजनीति एक परिवार से शुरू होकर उसी परिवार में आकर पूरी हो जाती है और हमारी राजनीति गरीब की झोपड़ी से शुरू होती है, गरीब की जिन्दगी को बदलकर रहे बिना चैन से सोना नहीं इस इरादे से आगे चलती है."
पीएम मोदी ने कहा "जो मां बेटे रुपयों की हेराफेरी में जमानत पर घूम रहें है, जमानत पर जिंदगी जी रहें है वो आज दूसरों को ईमानदारी के प्रमाण पत्र बांट रहें है."
(The above story first appeared on LatestLY on Nov 12, 2018 12:42 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

