देश

उत्तर प्रदेश: सहारनपुर में बीजेपी के जिला उपाध्यक्ष की बदमाशों ने की गोली मारकर हत्या, मामले की जांच में जुटी क्राइम ब्रांच, आरोपी फरार

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर के देवबंद में सुबह बीजेपी पिछड़ा प्रकोष्ठ के जिला उपाध्यक्ष और नगर पालिका के सभासद चौधरी धारा सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई. क्राइम ब्रांच को मौके पर भेज दिया गया है. पुलिस बदमाशों की तलाश में जुट गई है. सभासद के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.

उत्तर प्रदेश: सहारनपुर में बीजेपी के जिला उपाध्यक्ष की बदमाशों ने की गोली मारकर हत्या, मामले की जांच में जुटी क्राइम ब्रांच, आरोपी फरार
प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: IANS)

सहारनपुर : उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के सहारनपुर के देवबंद में शनिवार सुबह भारतीय जनता पार्टी (BJP) पिछड़ा प्रकोष्ठ के जिला उपाध्यक्ष और नगर पालिका के सभासद चौधरी धारा सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई. सहारनपुर के पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार ने कहा, "सभासद धारा सिंह मौला कष्ट वाला स्थित अपने घर से त्रिवेणी शुगर मिल की ओर जा रहे थे. इसी दौरान रंखंडी फाटक के समीप पीछे से आए बाइक सवार बदमाशों ने उन पर फायरिंग कर दी."

उन्होंने आगे कहा, "सिर पर गोली लगने के कारण भाजपा नेता की मौके पर ही मौत हो गई." उन्होंने कहा, "क्राइम ब्रांच को मौके पर भेज दिया गया है. हत्या का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है. पुलिस बदमाशों की तलाश में जुट गई है. सभासद के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है."

यह भी पढ़ें : उत्तर प्रदेश में पुलिस से घिरने के बाद टिकटॉक विलेन ने खुद को मारी गोली, बीजेपी नेता के 25 वर्षीय बेटे और भतीजे की गोली मारकर की थी हत्या

उधर, हत्या के बाद भाजपाइयों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए हंगामा शुरू कर दिया है. नेता की हत्या की सूचना मिलते ही नगर अध्यक्ष गजराज सिंह राणा समेत सैकड़ों भाजपाई मौके पर जमा हो गए.

गौरतलब है कि एक सप्ताह के अंदर देवबंद में हुई दूसरे भाजपा नेता की हत्या के बाद से पुलिस प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है. रविवार को भी बदमाशों ने भाजपा किसान मोर्चा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष की गोली मारकर हत्या कर दी थी. इस घटना के बाद से देवबंद क्षेत्र में गैंगवार की आशंका पनपती दिखने लगी है. स्थिति को देखते हुए मौके पर कई थानों में फोर्स की भी तैनाती की गई है.

(The above story first appeared on LatestLY on Oct 12, 2019 03:51 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).