तबीयत खराब होने के कारण भोपाल की सांसद प्रज्ञा ठाकुर को होना पड़ा अस्पताल में भर्ती
भोपाल (Bhopal) लोकसभा सीट से नवनिर्वाचित सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर (Pragya Singh Thakur) को पेट की तकलीफ के कारण बुधवार रात को अस्पताल में भर्ती कराया गया हालांकि गुरुवार को सुबह उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई.
भोपाल : भोपाल (Bhopal) लोकसभा सीट से नवनिर्वाचित सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर (Pragya Singh Thakur) को पेट की तकलीफ के कारण बुधवार रात को अस्पताल में भर्ती कराया गया हालांकि गुरुवार को सुबह उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई. प्रज्ञा की निकट सहयोगी उपमा ने पीटीआई भाषा को बताया कि एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वह उपचार के लिये अस्पताल लौट आयेंगी.
उपमा ने कहा, ‘‘वह ठीक नहीं है. उन्हें उपचार के लिये कल रात अस्पताल में भर्ती किया गया था. वह पेट की बीमारी से पीड़ित है और उन्हें इंजेक्शन से दवाईयां दी गयीं. कार्यकर्ताओं के जोर के कारण उन्हें एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिये सुबह अस्पताल से जाने दिया गया लेकिन इसके बाद वह उपचार के लिये अस्पताल वापस आ जायेंगी क्योंकि उसकी तबीयत ठीक नहीं है.’’
यह भी पढ़ें : मालेगांव ब्लास्ट: NIA कोर्ट का आदेश साध्वी प्रज्ञा ठाकुर को हफ्ते में एक बार होना होगा पेश
प्रज्ञा ने हाल ही में हुए लोकसभा के आमचुनाव में कांग्रेस के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह को भोपाल लोकसभा सीट पर पराजित किया . प्रज्ञा 2008 में हुए मालेगांव बम विस्फोट मामले में आरोपी है और फिलहाल जमानत पर हैं. मालूम हो कि इस सप्ताह अदालत में पेश होने से छूट देने का प्रज्ञा का आवेदन, सोमवार को एनआईए जज वीएस पडालकर ने खारिज कर दिया था.
आवदेन में प्रज्ञा ने कहा था कि उन्हें संसद की औपचारिकताएं पूरी करनी हैं. अदालत ने इस पर कहा कि मामले में इस स्तर पर अदालत में उसकी उपस्थिति आवश्यक है. अदालत के निर्देशों का पालन करने के लिये प्रज्ञा के पास एक दिन शेष है. मालेगांव मामले में सात आरोपियों के खिलाफ मामले पर सुनवाई कर रही अदालत ने इस साल मई में, सभी को सप्ताह में कम से कम एक बार अपने समक्ष पेश होने का आदेश दिया था.
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 06, 2019 03:01 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

