Assembly Elections 2026: असम, केरल और पुडुचेरी में आज थमेगा प्रचार का शोर, 9 अप्रैल को एक ही चरण में डाले जाएंगे वोट, 4 मई को मतगणना
असम, केरल और केंद्र शासित प्रदेश पुद्दुचेरी में विधानसभा चुनाव के लिए जारी हाई-वोल्टेज चुनाव प्रचार आज शाम समाप्त हो जाएगा. इन तीनों राज्यों में आगामी गुरुवार, 9 अप्रैल को एक ही चरण में मतदान होना है.
Assembly Elections 2026: असम, केरल और केंद्र शासित प्रदेश पुद्दुचेरी में विधानसभा चुनाव के लिए जारी हाई-वोल्टेज चुनाव प्रचार आज शाम समाप्त हो जाएगा. इन तीनों राज्यों में आगामी गुरुवार, 9 अप्रैल को एक ही चरण में मतदान होना है. चुनाव आयोग ने शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं. असम की 126 सीटों, केरल की 140 सीटों और पुद्दुचेरी की 30 सीटों पर मतदाता अपने प्रतिनिधियों का चुनाव करेंगे.
प्रधानमंत्री का असम दौरा और विकास का वादा
चुनाव प्रचार के आखिरी दौर में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है. सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने असम के बरपेटा, होजाई और डिब्रूगढ़ में विशाल जनसभाओं को संबोधित किया. प्रधानमंत्री ने विश्वास जताया कि भाजपा राज्य में लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी. उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता असम के हर जिले का समग्र विकास है. पीएम ने पिछले दस वर्षों को राज्य के लिए शांति और समृद्धि का काल बताया. यह भी पढ़े: West Bengal Elections 2026: कूच बिहार में जमकर बरसे PM मोदी, ‘बंगाल की जनता का लूटा हुआ पैसा भ्रष्टाचारियों को लौटाना ही होगा’; VIDEO
तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में नामांकन प्रक्रिया
असम और केरल में प्रचार खत्म होने के साथ ही अन्य राज्यों में चुनावी प्रक्रिया तेज हो गई है. तमिलनाडु की सभी 234 सीटों और पश्चिम बंगाल में पहले चरण की 152 सीटों के लिए नामांकन दाखिल करने का काम कल पूरा हो गया. आज इन नामांकन पत्रों की जांच (Scrutiny) की जा रही है. उम्मीदवार 9 अप्रैल तक अपने नाम वापस ले सकेंगे. इन सीटों पर 23 अप्रैल को मतदान होना है.
मतदान के लिए सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम
9 अप्रैल को होने वाले मतदान को देखते हुए चुनाव आयोग ने असम, केरल और पुद्दुचेरी में सुरक्षा व्यवस्था बेहद सख्त कर दी है. संवेदनशील मतदान केंद्रों पर केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है. अंतरराष्ट्रीय और अंतरराज्यीय सीमाओं पर निगरानी बढ़ा दी गई है ताकि किसी भी तरह की अवैध गतिविधि को रोका जा सके. सुरक्षा एजेंसियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे निष्पक्ष और भयमुक्त मतदान का वातावरण सुनिश्चित करें.
चुनाव का पूरा शेड्यूल
पश्चिम बंगाल में इस बार चुनाव दो चरणों में हो रहे हैं. पहले चरण का मतदान 23 अप्रैल को और दूसरे चरण का 29 अप्रैल को (142 सीटों पर) होगा. सभी चार राज्यों (असम, केरल, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल) और केंद्र शासित प्रदेश पुद्दुचेरी के लिए मतगणना 4 मई 2026 को की जाएगी. इसी दिन स्पष्ट होगा कि इन राज्यों में सत्ता की बागडोर किसके हाथ में होगी.
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 07, 2026 08:40 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

