देश

West Bengal Elections 2026: कूच बिहार में जमकर बरसे PM मोदी, 'बंगाल की जनता का लूटा हुआ पैसा भ्रष्टाचारियों को लौटाना ही होगा'; VIDEO

पश्चिम बंगाल के कूच बिहार में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ममता सरकार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने वादा किया कि बंगाल की जनता का लूटा हुआ पैसा भ्रष्टाचारियों से वापस लिया जाएगा और 4 मई को नतीजे आने के बाद दोषियों पर कड़ा एक्शन होगा.

West Bengal Elections 2026: कूच बिहार में जमकर बरसे PM मोदी, 'बंगाल की जनता का लूटा हुआ पैसा भ्रष्टाचारियों को लौटाना ही होगा';  VIDEO
(Photo Credits ANI)

West Bengal Assembly  Elections 2026: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने रविवार को कूच बिहार में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (TMC) पर भ्रष्टाचार, तुष्टीकरण और सिंडिकेट राज के गंभीर आरोप लगाए. प्रधानमंत्री ने हुंकार भरते हुए कहा कि इतने वर्षों से बंगाल की जनता का जो पैसा लूटा गया है, वह हर हाल में जनता को वापस लौटाना ही होगा.

इश्तेहार के बहाने तुष्टीकरण पर हमला

प्रधानमंत्री ने टीएमसी के घोषणापत्र पर सवाल उठाते हुए उसे 'तुष्टीकरण का खेल' करार दिया. उन्होंने कहा, "बंगाल की महान पहचान को बदला जा रहा है. टीएमसी ने अपना घोषणापत्र जारी किया, लेकिन उसे बांग्ला में नहीं बल्कि 'इश्तेहार' कहा जा रहा है. आपको याद होगा कि 1905 में मजहबी ताकतों ने 'लाल इश्तेहार' जारी किया था, जिसके बाद हिंदुओं का नरसंहार हुआ था. टीएमसी हमें उसी दौर की याद दिलाना चाहती है."  यह भी पढ़े: West Bengal Elections 2026: पश्चिम बंगाल विधानसभा को लेकर अमित शाह का ममता बनर्जी पर बड़ा हमला, लगाया ये आरोप

कूच बिहार में जमकर बरसे PM मोदी

4 मई के बाद "चुन-चुन कर होगा हिसाब"

आगामी मतदान को लेकर पीएम मोदी ने जनता को आश्वस्त किया कि उन्हें डरने की जरूरत नहीं है. उन्होंने कहा, "मतदान वाले दिन टीएमसी के गुंडे आपको जितना भी डराएं, आपको कानून पर भरोसा रखना है. इस चुनाव में बंगाल से भय भागेगा और भाजपा की महाविजय से भरोसा जागेगा. मैं आपको गारंटी देता हूं कि चुनाव के बाद इनके पापों का पूरा हिसाब किया जाएगा. 4 मई के बाद कानून अपना काम करेगा, चाहे कोई कितना भी बड़ा गुंडा क्यों न हो, न्याय होकर रहेगा."

घुसपैठ और संदेशखाली का मुद्दा

संबोधन के दौरान पीएम मोदी ने संदेशखाली की घटना का जिक्र करते हुए नारी शक्ति के सम्मान की बात की. उन्होंने कहा, "एक ओर संदेशखाली जैसी बहनों की चीखें और बेटियों पर होता निर्मम अत्याचार है, तो दूसरी ओर मोदी की गारंटी है. एक ओर घुसपैठ कराकर विदेशियों को बसाने का भय है, तो दूसरी ओर भाजपा का उन घुसपैठियों को बाहर निकालने का भरोसा है."

'कट मनी' बनाम 'विकास का भरोसा'

प्रधानमंत्री ने टीएमसी के 'कट मनी' और 'सिंडिकेट राज' की तुलना भाजपा के विकास मॉडल से की. उन्होंने कहा कि बंगाल की जनता अब सिंडिकेट राज में अपनी संपत्ति लुटने के डर से बाहर निकलना चाहती है. भाजपा का वादा है कि हर गरीब के सिर पर पक्का घर होगा और उन्हें जमीन का मालिकाना हक दिया जाएगा. पीएम मोदी ने कहा कि अब बंगाल की पहचान बदलने वालों की विदाई का समय आ गया है.

 

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 05, 2026 05:36 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).