लोकसभा चुनाव 2019: यूपी में पांचवें चरण में 57.33 फीसदी मतदान
मुख्य निर्वाचन अधिकारी एल वेंकटेश्वर लू ने मतदान संपन्न होने के बाद यहां संवाददाताओं को बताया कि शाम छह बजे तक 57 . 33 फीसदी मतदान हुआ। उन्होंने बताया कि 2014 के चुनाव में उक्त सीटों पर 56 . 92 प्रतिशत मतदान हुआ था।
लखनऊ. उत्तर प्रदेश की 14 लोकसभा सीटों के लिए पांचवें चरण में सोमवार को 57 . 33 प्रतिशत मतदान हुआ। मुख्य निर्वाचन अधिकारी एल वेंकटेश्वर लू ने मतदान संपन्न होने के बाद यहां संवाददाताओं को बताया कि शाम छह बजे तक 57 . 33 फीसदी मतदान हुआ। उन्होंने बताया कि 2014 के चुनाव में उक्त सीटों पर 56 . 92 प्रतिशत मतदान हुआ था। पांचवें चरण के चुनाव में केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह (लखनऊ), कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी (अमेठी), संप्रग अध्यक्ष सोनिया गांधी (रायबरेली), केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी (अमेठी), पूर्व केन्द्रीय मंत्री जितिन प्रसाद (धौरहरा) और पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष निर्मल खत्री (फैजाबाद) जैसे दिग्गज प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला ईवीएम में बंद हो गया।
केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने ट्वीट कर आरोप लगाया कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी अमेठी निर्वाचन क्षेत्र में 'बूथ कैप्चरिंग' करा रहे हैं। यह भी पढ़े-लोकसभा चुनाव 2019: बिहार के 5 संसदीय क्षेत्रों में छह बजे तक 57.86 फीसदी मतदान
उन्होंने एक वीडियो भी टैग किया, जिसमें एक बुजुर्ग महिला आरोप लगा रही है कि उसकी उंगली जबरन पंजे (कांग्रेस) के निशान पर दबा दी गयी हालांकि वह कमल (भाजपा) पर वोट डालना चाहती थी । जब इस बाबत पूछा गया तो वेंकटेश्वर लू ने कहा कि प्रकरण की भलीभांति जांच की गयी और आरोप निराधार पाया गया।
उन्होंने बताया कि अमेठी में 53 प्रतिशत मतदान हुआ। रायबरेली में 53 . 68 प्रतिशत जबकि लखनऊ में लगभग 53 प्रतिशत मतदान हुआ। राजधानी लखनऊ में सुबह पहले मतदान करने वालों में केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह, बसपा प्रमुख मायावती, उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा, पुलिस महानिदेशक ओ पी सिंह और अपर मुख्य सचिव सूचना अवनीश अवस्थी शामिल रहे।
वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने उक्त 14 में से 12 सीटों पर जीत हासिल की थी। बाकी बची अमेठी और रायबरेली सीटें कांग्रेस के खाते में गयी थीं।
(The above story first appeared on LatestLY on May 06, 2019 08:10 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

