देश

झारखंड की धरती से आज 83 हजार करोड़ की योजनाओं की सौगात देंगे पीएम मोदी, भाजपा की परिवर्तन रैली को भी संबोधित करेंगे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 दिनों के अंतराल पर बुधवार को दूसरी बार झारखंड आ रहे हैं. वह हजारीबाग की धरती से 83 हजार करोड़ से अधिक की योजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास करेंगे.

झारखंड की धरती से आज 83 हजार करोड़ की योजनाओं की सौगात देंगे पीएम मोदी, भाजपा की परिवर्तन रैली को भी संबोधित करेंगे

हजारीबाग, 2 अक्टूबर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 दिनों के अंतराल पर बुधवार को दूसरी बार झारखंड आ रहे हैं. वह हजारीबाग की धरती से 83 हजार करोड़ से अधिक की योजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास करेंगे. इस मौके पर 32 जनजातीय समूहों के प्रतिनिधियों से संवाद का भी कार्यक्रम है. इसके बाद वह हजारीबाग के मटवारी स्थित गांधी मैदान में भारतीय जनता पार्टी की परिवर्तन रैली को संबोधित करेंगे. प्रधानमंत्री 15 सितंबर को झारखंड आए थे. उन्होंने जमशेदपुर से 6 वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई थी और इसके बाद एक राजनीतिक रैली को संबोधित किया था.

प्रधानमंत्री 2 अक्टूबर को झारखंड में 4 घंटे 35 मिनट तक रहेंगे. दोपहर 1.10 बजे विशेष विमान से रांची पहुंचेंगे और उसके बाद चॉपर से हजारीबाग आएंगे. यहां विनोबा भावे विश्वविद्यालय परिसर में राजकीय कार्यक्रम दो बजे से प्रारंभ होंगे. पीएम यहां से 79 हजार 156 करोड़ रुपए की लागत वाले ‘धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान’ लॉन्च करेंगे. वह झारखंड में 40 एकलव्य स्कूलों का उद्घाटन और 25 स्कूलों का शिलान्यास करेंगे. यह भी पढ़ें: प्रधानमंत्री मोदी स्वच्छता अभियान में शामिल हुए, लोगों से इस मुहिम से जुड़ने की अपील की

प्रधानमंत्री जिस ‘धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान’ को लॉन्च करेंगे, उसकी मंजूरी केंद्रीय कैबिनेट ने 18 सितंबर को दी थी. यह चौथी बार है, जब वह झारखंड की धरती से महत्वपूर्ण केंद्रीय योजना की लॉन्चिंग करेंगे. इसके पहले 2018 में आयुष्मान योजना, 2019 में किसान मानधन योजना, खुदरा व्यापार एवं स्वरोजगार पेंशन योजना एवं एकलव्य मॉडल स्कूल और 2023 के नवंबर में विकसित भारत संकल्प यात्रा एवं पीएम जन मन योजना की शुरुआत भी उन्होंने झारखंड की धरती से की थी.

‘धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान’ की योजना देश के आदिवासी बहुल गांवों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने और जनजातीय आबादी को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्यों पर केंद्रित है. यह योजना 30 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 549 जिलों के 2,740 ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले करीब 63,000 आदिवासी बहुल गांवों को कवर करेगी और और 5 करोड़ से अधिक जनजातीय आबादी लाभान्वित होगी. इस अभियान के तहत आदिवासी गांवों में 20 लाख आवास, 25 हजार किलोमीटर ग्रामीण सड़कों और पुलों के निर्माण, हर घर को स्वच्छ पेयजल, गैस और बिजली कनेक्शन देने का लक्ष्य है. इसके अलावा 100 आदिवासी मार्केट सेंटर, आश्रम एवं स्कूल, चलित स्वास्थ्य केंद्र, कौशल विकास केंद्र की स्थापना की जानी है. इस अभियान के तहत जनजातीय समूहों की आय बढ़ाने के लिए कृषि, बागवानी को प्रोत्साहित करना और जनजातीय संस्कृति, विरासत एवं परंपराओं को संरक्षित करने का भी लक्ष्य निर्धारित किया गया है.

हजारीबाग में प्रधानमंत्री का दूसरा कार्यक्रम राजनीतिक है. वह शहर के मटवारी स्थित गांधी मैदान में भाजपा की परिवर्तन यात्रा की समापन रैली को संबोधित करेंगे. यह यात्रा 20 सितंबर से शुरू हुई थी. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने साहिबगंज जिले के भोगनाडीह गांव से इस यात्रा की शुरुआत की थी. उसके बाद से इस यात्रा ने अब तक यह राज्य के सभी 81 विधानसभा क्षेत्रों को कवर कर लिया है. प्रधानमंत्री शाम 5.45 पर रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से विशेष विमान से दिल्ली रवाना होंगे.

(The above story first appeared on LatestLY on Oct 02, 2024 10:53 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).