देश

Purvanchal Expressway: पीएम मोदी आज दोपहर 1:30 बजे करेंगे पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन, इन 9 जिलों में तेज होगी आर्थिक और सामाजिक प्रगति

उत्तर प्रदेश के विकास पथ के लिए आज का दिन बेहद खास है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज (16 नवंबर) उत्तर प्रदेश की यात्रा पर आएंगे और दोपहर करीब 1:30 बजे सुल्तानपुर जिले के करवल खीरी में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन करेंगे. यह परियोजना अपने साथ यूपी की आर्थिक और सामाजिक प्रगति के लिए कई लाभ लेकर आई है.

Purvanchal Expressway: पीएम मोदी आज दोपहर 1:30 बजे करेंगे पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन, इन 9 जिलों में तेज होगी आर्थिक और सामाजिक प्रगति
पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे (Photo Credits: PIB)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के विकास पथ के लिए आज का दिन बेहद खास है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) आज (16 नवंबर) उत्तर प्रदेश की यात्रा पर आएंगे और दोपहर करीब 1:30 बजे सुल्तानपुर जिले के करवल खीरी में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे (Purvanchal Expressway) का उद्घाटन करेंगे. यह परियोजना अपने साथ यूपी की आर्थिक और सामाजिक प्रगति के लिए कई लाभ लेकर आई है. पूर्वांचल एक्सप्रेसवे लखनऊ से शुरू होकर गाजीपुर तक जाता है जिसकी दूरी करीब 340 किलोमीटर है। यह राज्य के लखनऊ, बाराबंकी, अयोध्या, अंबेडकरनगर, अमेठी, सुलतानपुर, आजमगढ़, मऊ और गाजीपुर जिले की सीमाओं से होकर गुजरेगा. सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उठाए पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे की गुणवत्ता पर सवाल, सपा करेगी सांकेतिक उद्घाटन

प्रधानमंत्री मोदी उद्घाटन के बाद सुल्तानपुर जिले में एक्सप्रेस-वे पर निर्मित 3.2 किमी लंबी हवाई पट्टी पर भारतीय वायु सेना के एयरशो को भी देखेंगे. इस पर विमानों की आपात लैंडिंग हो सकेगी. यह हवाई पट्टी आपात स्थिति में भारतीय वायु सेना के लड़ाकू विमानों को उतारने और उड़ान भरने के लिए निर्मित की गयी है.

पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे की लंबाई 341 किलोमीटर है. यह लखनऊ-सुल्तानपुर रोड (एनएच-731) पर स्थित गांव चौदसराय, जिला लखनऊ से शुरू होता है और यूपी-बिहार सीमा से 18 किमी पूर्व में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 31 पर स्थित गांव हैदरिया में समाप्त होता है. एक्सप्रेस-वे 6 लेन चौड़ा है, जिसे भविष्य में 8-लेन तक बढ़ाया जा सकता है.

लगभग 22,500 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से निर्मित, पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे से उत्तर प्रदेश के पूर्वी भाग, विशेष रूप से लखनऊ, बाराबंकी, अमेठी, अयोध्या, सुल्तानपुर, अंबेडकर नगर, आजमगढ़, मऊ और गाजीपुर जिलों के आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलेगा.

उत्तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने शुक्रवार को कहा कि पूर्वी उत्तर प्रदेश के विकास की दृष्टि से पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे की बहुत बड़ी भूमिका होगी. इस एक्सप्रेस वे पर आठ जगह औद्योगिक गलियारे की स्थापना भी की जाएगी जिसकी अधिसूचना जारी हो गई है. जुलाई 2018 में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का शिलान्यास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था.

(The above story first appeared on LatestLY on Nov 16, 2021 09:10 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).