पीएम मोदी 28 फरवरी को राजस्थान दौरे पर, 16,680 करोड़ की परियोजनाओं का करेंगे शिलान्यास-उद्घाटन
नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए प्रधानमंत्री राजस्थान के रिन्यूएबल एनर्जी जोन्स (आरईजेड) से बिजली निकासी हेतु ट्रांसमिशन सिस्टम का उद्घाटन करेंगे. वे पांच 220 केवी और दो 400 केवी ग्रिड सबस्टेशनों के साथ संबंधित ट्रांसमिशन लाइनों की आधारशिला रखेंगे. रोजगार सृजन और युवा सशक्तिकरण के प्रति प्रतिबद्धता दिखाते हुए प्रधानमंत्री राजस्थान के विभिन्न सरकारी विभागों और संगठनों में नव नियुक्त 21,800 से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे.
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 फरवरी को राजस्थान के अजमेर का दौरा करेंगे. यह दौरा विकास परियोजनाओं के शिलान्यास-उद्घाटन, स्वास्थ्य अभियान के शुभारंभ और युवाओं को रोजगार सृजन की दिशा में महत्वपूर्ण कदमों से भरा रहेगा. पीएम मोदी के इस दौरे को लेकर राजस्थान में भारी उत्साह है. PM Modi on Instagram: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रचा इतिहास, इंस्टाग्राम पर 10 करोड़ फॉलोअर्स वाले दुनिया के पहले राजनेता बने
स्थानीय रचित कच्छावा ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अजमेर आ रहे हैं. उनके स्वागत के लिए हर वर्ग तैयार है. डबल इंजन सरकार डबल गति से काम कर रही है. कल का दिन ऐतिहासिक होगा. 21,000 से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र और 23,500 करोड़ से ज्यादा के विकास कार्यों की सौगात मिलेगी."
उन्होंने कहा, "अजमेर राजस्थान की हृदयस्थली है. प्रधानमंत्री यहां से बड़ी घोषणाएं करते हैं. एचपीवी वैक्सीन की लॉन्चिंग महिलाओं के लिए वरदान साबित होगी."
एक अन्य दिनेश खंडेलवाल ने भी प्रधानमंत्री के राजस्थान दौरे को बहुत ही ऐतिहासिक बताया. उन्होंने कहा, "अजमेर राजस्थान की हृदयस्थली है और आवाभगत के लिए बहुत ही प्रसिद्ध रही है. प्रधानमंत्री पहले भी दो बार आ चुके हैं. उन्हें पता है कि जब यहां से किसी चीज की घोषणा होगी, तो बड़े स्तर पर इसका प्रभाव जाएगा, जैसे कि कैंसर के लिए जो वैक्सिन बनाई गई, जिसकी लॉन्चिंग अजमेर से हो रही है."
एक महिला, अनिता ने बताया, "अजमेर की पावन धरा पर कल हमारे प्रधानमंत्री पधार रहे हैं. वे अनेकों योजनाओं का शुभारंभ करेंगे, जिसमें एक महिलाओं के लिए काफी महत्वपूर्ण है. पीएम मोदी एचवीपी वैक्सीन का शुभारंभ करेंगे, जिससे सबसे ज्यादा महिलाओं को सुरक्षा प्रदान होगी. कम से कम इसे 9 से 14 वर्ष की बालिकाएं लगा सकती हैं, वहीं अधिकतर 26 वर्ष की उम्र के व्यक्ति इसे लगा सकते हैं. इससे भविष्य में कैंसर से सुरक्षा प्रदान होगी."
दरअसल, पीएम मोदी शनिवार सुबह करीब 11:30 बजे अजमेर पहुंचेंगे, जहां वे 16,680 करोड़ रुपए से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शुभारंभ, उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे. इस अवसर पर वे एक विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे.
प्रधानमंत्री सबसे पहले निवारक स्वास्थ्य देखभाल को मजबूत करने के लिए 14 वर्ष की आयु की लड़कियों के लिए ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) टीकाकरण का राष्ट्रव्यापी अभियान शुरू करेंगे. यह अभियान सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम पर केंद्रित है, जो महिलाओं में कैंसर का प्रमुख कारण है. इस पहल से देश भर में लाखों लड़कियों और महिलाओं के दीर्घकालिक स्वास्थ्य की रक्षा होगी. यह कदम महिलाओं के कल्याण और स्वास्थ्य सुरक्षा में मील का पत्थर साबित होगा.
विकास परियोजनाओं में शहरी विकास, पेयजल आपूर्ति, सड़कें, सिंचाई, ऊर्जा और औद्योगिक अवसंरचना जैसे प्रमुख क्षेत्र शामिल हैं. सड़क संपर्क को मजबूत करने के लिए प्रधानमंत्री कई राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे. इनमें बांदीकुई-जयपुर 4-लेन ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे, अमृतसर-जामनगर आर्थिक कॉरिडोर के पैकेज-7 में 6-लेन एक्सेस कंट्रोल्ड ग्रीन हाईवे और दिल्ली-वडोदरा एक्सेस कंट्रोल्ड ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के पैकेज-14 में 8-लेन कैरिजवे शामिल हैं. इसके अलावा जोधपुर में 4-लेन एलिवेटेड रोड और बारां जिले में मालबमोरी-मंगरोल-बारां राज्य राजमार्ग की आधारशिला रखी जाएगी. पेयजल संकट से निपटने के लिए नोनेरा प्रमुख पेयजल परियोजना के चार पैकेज और परवान अकावाद प्रमुख पेयजल परियोजना के पांच पैकेजों की आधारशिला रखी जाएगी.
नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए प्रधानमंत्री राजस्थान के रिन्यूएबल एनर्जी जोन्स (आरईजेड) से बिजली निकासी हेतु ट्रांसमिशन सिस्टम का उद्घाटन करेंगे. वे पांच 220 केवी और दो 400 केवी ग्रिड सबस्टेशनों के साथ संबंधित ट्रांसमिशन लाइनों की आधारशिला रखेंगे. रोजगार सृजन और युवा सशक्तिकरण के प्रति प्रतिबद्धता दिखाते हुए प्रधानमंत्री राजस्थान के विभिन्न सरकारी विभागों और संगठनों में नव नियुक्त 21,800 से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे.