India AI Impact Summit 2026: PM मोदी आज दिल्ली में करेंगे 'AI इम्पैक्ट एक्सपो' का उद्घाटन; फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों सहित कई देशों के दिग्गज होंगे शामिल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज नई दिल्ली के भारत मंडपम में 'इंडिया AI इम्पैक्ट समिट 2026' का औपचारिक उद्घाटन करेंगे. इस वैश्विक सम्मेलन में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस सहित दुनिया भर के तकनीकी विशेषज्ञ और निवेशक हिस्सा ले रहे हैं.
India AI Impact Summit 2026: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार, 19 फरवरी 2026 को नई दिल्ली के में 'इंडिया AI इम्पैक्ट समिट 2026' का औपचारिक उद्घाटन करेंगे. यह आयोजन आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के भविष्य और इसके सामाजिक-आर्थिक प्रभावों पर केंद्रित दुनिया के सबसे बड़े जमावड़ों में से एक है. प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) के अनुसार, पीएम मोदी सुबह लगभग 9:40 बजे उद्घाटन समारोह में शामिल होंगे और 10:25 बजे सभा को संबोधित करेंगे.
वैश्विक नेताओं और दिग्गजों की भागीदारी
उद्घाटन सत्र में प्रधानमंत्री के साथ फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस भी शामिल होंगे. कार्यक्रम की शुरुआत से पहले सुबह 9:15 बजे सभी वैश्विक नेताओं का 'फैमिली फोटोग्राफ' लिया जाएगा. सम्मेलन में सुंदर पिचाई (गूगल), सैम ऑल्टमैन (OpenAI) और बिल गेट्स जैसे तकनीकी जगत के बड़े नाम भी हिस्सा ले रहे हैं. यह भी पढ़े: India AI Investment: भारत को वैश्विक AI हब बनाने के लिए 200 अरब डॉलर के निवेश का रोडमैप, आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने किया बड़े सुधारों का ऐलान
AI इम्पैक्ट एक्सपो और लीडर्स प्लेनरी
उद्घाटन के बाद सुबह 11 बजे प्रधानमंत्री 'इंडिया AI इम्पैक्ट एक्सपो' का दौरा करेंगे. इस प्रदर्शनी में विभिन्न देशों के पवेलियन लगाए गए हैं, जो AI के क्षेत्र में हो रहे नवीनतम नवाचारों और तकनीकी समाधानों का प्रदर्शन कर रहे हैं.
दोपहर 12 बजे 'लीडर्स प्लेनरी' सत्र आयोजित होगा, जिसमें विभिन्न देशों के राष्ट्राध्यक्ष और अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रतिनिधि AI के वैश्विक ढांचे, बुनियादी ढांचे के विस्तार और अंतरराष्ट्रीय सहयोग पर चर्चा करेंगे.
निवेश और भविष्य की रणनीति पर मंथन
शाम 5:30 बजे प्रधानमंत्री मोदी एक विशेष 'CEO राउंडटेबल' की अध्यक्षता करेंगे. इसमें वैश्विक तकनीकी कंपनियों के मुख्य कार्यकारी अधिकारी शामिल होंगे. इस बैठक का मुख्य उद्देश्य भारत में AI निवेश की संभावनाओं, अनुसंधान साझेदारी और आपूर्ति श्रृंखला (supply chain) को मजबूत करने पर चर्चा करना है.
'सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय' का दृष्टिकोण
इंडिया AI इम्पैक्ट समिट 2026 का विषय "सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय" (सभी का कल्याण, सभी का सुख) रखा गया है. यह समिट भारत के उस दृष्टिकोण को दर्शाता है जिसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का उपयोग मानवता की भलाई, समावेशी विकास और सुशासन के लिए करने पर जोर दिया गया है.
यह इस श्रृंखला का चौथा संस्करण है. इससे पहले 2023 में ब्रिटेन, 2024 में दक्षिण कोरिया और 2025 में फ्रांस में इस तरह के सम्मेलन आयोजित किए जा चुके हैं. यह पहली बार है जब ग्लोबल साउथ (विकासशील देशों) का कोई देश इस स्तर के वैश्विक AI संवाद की मेजबानी कर रहा है.