पेट्रोल-डीजल के दामों में गिरावट का दौर जारी, पिछले हफ्ते के मुकाबले 1.5 फीसदी कम हुई कीमतें
पेट्रोल और डीजल (Petrol and Diesel) के दाम में शनिवार को लगातार तीसरे दिन गिरावट का सिलसिला जारी रहा, जबकि अंतर्राट्रीय बाजार में कच्चे तेल का भाव शुक्रवार को बढ़त के साथ बंद हुआ......
नई दिल्ली: पेट्रोल और डीजल (Petrol and Diesel) के दाम में शनिवार को लगातार तीसरे दिन गिरावट का सिलसिला जारी रहा, जबकि अंतर्राट्रीय बाजार में कच्चे तेल का भाव शुक्रवार को बढ़त के साथ बंद हुआ. तेल विपणन कंपनियों ने दिल्ली (Delhi) और मुंबई (Mumbai) में पेट्रोल के दाम में 29 पैसे और कोलकाता (Kolkata) में 28 पैसे और चेन्नई में 31 पैसे प्रति लीटर की कटौती की है. वहीं, डीजल के दाम दिल्ली और कोलकाता में 30 पैसे जबकि मुंबई और चेन्नई (Chennai) में 32 पैसे प्रति लीटर घट गए हैं.
इंडियन ऑयल की वेबसाइट के अनुसार, दिल्ली, कोलकाता, मुंबई और चेन्नई में पेट्रोल की कीमतें घटकर क्रमश: 69.26 रुपये, 71.37 रुपये, 74.89 रुपये और 71.85 रुपये प्रति लीटर हो गई हैं. चारों महानगरों डीजल के दाम क्रमश: 63.32 रुपये, 65.07 रुपये, 66.25 रुपये और 66.84 रुपये प्रति लीटर हो गए हैं. दिल्ली-एनसीआर (Delhi-NCR) स्थित नोएडा (Noida), गाजियाबाद (Ghaziabad), फरीदाबाद (Faridabad) और गुरुग्राम (Gurugram) में पेट्रोल की कीमतें क्रमश: 69.37 रुपये, 69.24 रुपये, फरीदाबाद 70.62 रुपये और 70.40 रुपये प्रति लीटर दर्ज की गईं.
वहीं, डीजल इन चारों शहरों में क्रमश: 62.84 रुपये, 62.71 रुपये, 63.66 रुपये और 63.45 रुपये लीटर मिल रहा है. अंतर्राष्ट्रीय वायदा बाजार आईसीई पर शुक्रवार को ब्रेंट क्रूड का मार्च डिलीवरी अनुबंध 0.57 फीसदी की बढ़त के साथ 53.03 डॉलर प्रति बैरल पर बंद हुआ, जबकि कारोबार के दौरान ऊपरी स्तर 54.42 डॉलर प्रति बैरल रहा.
यह भी पढ़ें: एयरलाइंस ने किराए में कमी लाकर किया यात्रियों को आकर्षित, लेकिन ईंधन की बढ़ी कीमतों ने किया हाल बेहाल
ब्रेंट क्रूड में हालांकि पिछले सप्ताह के मुकाबले करीब 1.5 फीसदी की गिरावट आई. वहीं, डब्ल्यूटीआई का फरवरी अनुबंध 1.14 फीसदी की तेजी के साथ 45.12 डॉलर प्रति बैरल पर बंद हआ, जबकि कारोबार के दौरान भाव 46.22 डॉलर प्रति बैरल के स्तर तक उछला.
(The above story first appeared on LatestLY on Dec 29, 2018 01:06 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

