भारत ने कहा- पाक विशेषज्ञों को चिनाब नदी जलविद्युत परियोजनाओं का करना था निरीक्षण
भारत ने पाकिस्तान को एक पत्र लिखकर पाकिस्तानी विशेषज्ञों द्वारा 27 जनवरी से 1 फरवरी के बीच जम्मू-कश्मीर में चेनाब नदी पर दो पनबिजली परियोजनाओं के निरीक्षण के लिए उनकी यात्रा का एक प्रस्ताव दिया है...
नई दिल्ली/लाहौर: भारत ने पाकिस्तान को एक पत्र लिखकर पाकिस्तानी विशेषज्ञों द्वारा 27 जनवरी से 1 फरवरी के बीच जम्मू-कश्मीर में चेनाब नदी (Chenab River) पर दो पनबिजली परियोजनाओं (Hydroelectric Project) के निरीक्षण के लिए उनकी यात्रा का एक प्रस्ताव दिया है. दोनों देशों के बीच सिंधू जल संधि (Indus Waters Treaty) के तहत ऐसा करना अनिवार्य है. सूत्रों ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी. नई दिल्ली में सूत्रों के मुताबिक आईडब्ल्यूटी के तहत भारत के सिंधू आयुक्त ने अपने पाकिस्तानी समकक्ष को बुधवार को निमंत्रण भेजा.
एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि भारत को पाकिस्तान की ओर से निमंत्रण स्वीकार किये जाने की आधिकारिक पुष्टि मिलनी बाकी है. समझौते के तहत पाकिस्तानी विशेषज्ञों की यात्रा के बाद भारतीय अधिकारी भी इसी तरह पाकिस्तान की यात्रा करेंगे. शुक्रवार को पाकिस्तान के संघीय जल संसाधन मंत्री फैसल वावदा ने इसे एक बड़ी कामयाबी बताया.
उन्होंने कहा कि "भारत इस महीने के अंत में जम्मू कश्मीर में चेनाब नदी पर अपनी दो पनबिजली परियोजनाओं का पाकिस्तानी विशेषज्ञ द्वारा निरीक्षण की इजाजत देने को सहमत हो गया है". वादवा ने ट्वीट किया कि हमारे निरंतर प्रयासों के बाद आखिरकार भारत ने परियोजनाओं के निरीक्षण के हमारे अनुरोध पर अपनी सहमति जता दी है.
(The above story first appeared on LatestLY on Jan 12, 2019 11:14 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

