देश

Pahalgam Attack: पहलगाम आतंकी हमले पर दिए विवादित बयान से पलटे कांग्रेस नेता वडेट्टीवार, कहा- 'दो धर्मों के बीच दरार पैदा करना चाहते थे आतंकी'

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुई आतंकी हमले पर विवादित बयान देकर कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार पलट गए. उन्होंने कहा कि आतंकियों ने पर्यटकों को धर्म पूछकर इसलिए मारा ताकि भारत में दो धर्मों के बीच विवाद पैदा हो और भारत को नुकसान पहुंचे.

Pahalgam Attack: पहलगाम आतंकी हमले पर दिए विवादित बयान से पलटे कांग्रेस नेता वडेट्टीवार, कहा- 'दो धर्मों के बीच दरार पैदा करना चाहते थे आतंकी'

नागपुर, 28 अप्रैल : जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुई आतंकी हमले पर विवादित बयान देकर कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार पलट गए. उन्होंने कहा कि आतंकियों ने पर्यटकों को धर्म पूछकर इसलिए मारा ताकि भारत में दो धर्मों के बीच विवाद पैदा हो और भारत को नुकसान पहुंचे.

'धर्म पूछकर आतंकी नहीं मारते' बयान के बाद जब कांग्रेस नेता की आलोचना हुई तो उन्होंने एक वीडियो जारी कर सफाई दी. उन्होंने कहा कि पहलगाम घटना भारत की एकता पर हमला करने की साजिश है. पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले का मुख्य उद्देश्य दो धर्मों के बीच दरार पैदा करना था. भारत की एकता को बाधित करना और देश में अस्थिरता पैदा करना था. आतंकवादियों और उनके समर्थकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए. भारत सरकार जो भी कार्रवाई करेगी, कांग्रेस उसका समर्थन करेगी. भारत की अखंडता और राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए ऐसी राष्ट्रविरोधी प्रवृत्तियों को तोड़ना जरूरी है. भारत एक है और एक रहेगा. यह भी पढ़ें : BBC on Pahalgam Attack: बीबीसी की पहलगाम आतंकी हमले की कवरेज पर भारत सरकार ने जताई आपत्ति, संस्थान को लिखा पत्र

इससे पहले, सोमवार को मीडिया से बातचीत में वडेट्टीवार ने कहा, " आतंकियों के पास इतना समय कहां होता है कि वह मारने वाले के कान में जाकर पूछे कि तुम हिन्दू हो या फिर मुसलमान. इस पूरे मामले में कई बातें हैं, लोग अलग-अलग बातें बता रहे हैं. भिन्न-भिन्न प्रकार की बातें हो रही हैं. आतंकियों का कोई मजहब नहीं होता है. आतंकियों ने देश पर हमला किया है और इसलिए उन्हें पकड़कर कठोरतम कार्रवाई करनी चाहिए. पूरे देश की आज यही भावना है. लेकिन, तरह-तरह की बातें कर मूल मुद्दों से भटकाना गलत है."

वडेट्टीवार के विवादित बयान पर हल्ला मचा तो उन्हें सफाई देनी पड़ी. विजय वडेट्टीवार के बयान पर भाजपा नेता शहजाद पूनावाला ने कहा कि कांग्रेस के नेताओं में पाकिस्तान को क्लीन चिट देने के लिए प्रतिस्पर्धा हो रही है. विजय वडेट्टीवार कह रहे हैं कि सरकार पहलगाम के लिए जिम्मेदार है. आतंकवादी धर्म के आधार पर नहीं मारते हैं. यह लोग ऑल पार्टी मीटिंग में कहते हैं कि पाकिस्तान के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए. बाहर निकलने के बाद पाकिस्तान के खिलाफ कार्रवाई करने से मना करते हैं.

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 28, 2025 02:57 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).