देश

इस्राएल में फंसे भारतीयों के लिए "ऑपरेशन अजय"

इस्राएल और हमास के आतंकवादियों के बीच जारी लड़ाई के बीच दोनों जगह मरने वालों का आंकड़ा 2,300 पार कर गया है.

इस्राएल में फंसे भारतीयों के लिए
प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credit: Image File)

इस्राएल और हमास के आतंकवादियों के बीच जारी लड़ाई के बीच दोनों जगह मरने वालों का आंकड़ा 2,300 पार कर गया है. इसी बीच भारत ने इस्राएल में फंसे अपने नागरिकों को निकालने के लिए एक ऑपरेशन शुरू किया है.7 अक्टूबर से जारी हमास के आतंकवादियों और इस्राएली सेना के बीच लड़ाई ने सैकड़ों लोगों की जानें ले ली है और हजारों लोग घायल बताए जा रहे हैं. इस्राएली सरकार के ऊपर देश की जनता का बहुत दबाव है कि वह हमास को गजा से उखाड़ फेंके.

हमास के आतंकवादियों द्वारा इस्राएली शहरों पर हमले के बाद कई एयरलाइन कंपनियों ने अपनी उड़ानें रद्द कर दी हैं. इनमें एयर इंडिया भी शामिल है. उड़ानें रद्द होने से कई भारतीय छात्र, परिवार और धार्मिक यात्रा पर गए लोग फंसे हुए हैं.

इस्राएलमें फंसे लोगों को निकालने के लिए भारत ने "ऑपरेशन अजय" शुरू करने का ऐलान किया है. विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने कहा कि इस्राएल से जो भारतीय देश लौटना चाहते हैं, उनके लिए ऑपरेशन अजय के तहत विशेष उड़ानों की व्यवस्था की जा रही है.

जयशंकर ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, "सरकार विदेशों में रह रहे भारतीय नागरिकों की सुरक्षा और कल्याण के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है."

दूसरी ओर इस्राएल में भारतीय दूतावास ने कहा है कि उसने पंजीकृत भारतीय नागरिकों को विशेष उड़ान के बारे में ईमेल किया है. दूतावास ने कहा है कि अन्य पंजीकृत लोगों को बाद की उड़ानों के लिए मेसेज भेजे जाएंगे. दूतावास 24 घंटे काम करने वाली हेल्पलाइन के माध्यम से भारतीय नागरिकों की मदद कर रहा है. उसने लोगों से शांत और सतर्क रहने और सुरक्षा सलाह का पालन करने को कहा है.

भारत ने कंट्रोल रूम स्थापित किया

इस्राइल और फलीस्तीनमें जारी घटनाक्रम को देखते हुए स्थिति की निगरानी, जानकारी और सहयोग के लिए विदेश मंत्रालय में 24 घंटे काम करने वाला कंट्रोल रूम बनाया गया है.

रामल्ला में भारतीय प्रतिनिधि के कार्यालय ने भी 24 घंटे काम करने वाली इमरजेंसी हेल्पलाइन शुरू की है. भारतीय नागरिक विदेश मंत्रालय के कंट्रोल रूम से टोल फ्री नंबर पर संपर्क कर सकते हैं.

बुधवार को जयशंकर ने संयुक्त अरब अमीरात के विदेश मंत्री शेख अब्दुल्लाह बिन जायेद के साथ बात की. उन्होंने इस बातचीत को लेकर ट्वीट भी किया है. 7 अक्टूबर को हमास के आतंकी हमले के बाद जयशंकर ने पहली बार किसी अरब देश के विदेश मंत्री के साथ संपर्क साधा है.

संघर्षके कारण पिछले छह दिनों में हजारों लोग मारे गए हैं, इस्राएल ने इन हत्याओं के जवाब में गजा पट्टी पर भारी बमबारी की है, जिस पर हमासका शासन है. वहीं इस्राएल ने संभावित जमीनी हमले की तैयारी के लिए फलीस्तीन क्षेत्र के आसपास अपने सैन्य बलों को तैनात कर दिया है.

समाचार एजेंसी एपी की रिपोर्ट के मुताबिक आतंकियों ने अनुमानित 150 के करीब लोगों को बंधक बना लिया है, जिनमें सैनिक, महिलाएं, बच्चे और बूढ़े शामिल हैं.

(The above story first appeared on LatestLY on Oct 12, 2023 10:40 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).