Kumbh Mela 2021: कुंभ में हर स्नान के बाद अधिकारियों, कर्मचारियों को कराना होगा COVID-19 टेस्ट
हरिद्वार कुंभ में महाशिवरात्रि के अवसर पर 11 मार्च को होने वाले पहले शाही स्नान तथा उसके बाद होने वाले हर स्नान के बाद ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को अनिवार्य रूप से कोविड-19 की जांच करानी होगी.
हरिद्वार, 7 मार्च: हरिद्वार कुंभ में महाशिवरात्रि के अवसर पर 11 मार्च को होने वाले पहले शाही स्नान तथा उसके बाद होने वाले हर स्नान के बाद ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को अनिवार्य रूप से कोविड-19 की जांच करानी होगी. पहले शाही स्नान के लिए यहां आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी सी रविशंकर ने कहा कि प्रत्येक स्नान के पांच दिन बाद कुंभ डयूटी में लगे कर्मचारियों और अधिकारियों को कोविड-19 की आरटी—पीसीआर जांच करानी होगी.
उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. मेला पुलिस, जिला प्रशासन व मेला प्रशासन की इस संयुक्त बैठक में जिलाधिकारी ने हर सेक्टर में विभागों के अफसरों और सेक्टर मजिस्ट्रेट को क्विक रिस्पांस टीम बनाने का निर्देश दिया, ताकि किसी भी परिस्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके. यह भी पढ़े: कोविड-19 का सबसे खराब दौर खत्म होता नजर आ रहा: उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू
उन्होंने कहा कि स्नान के दौरान कोरोना जांच के लिए 70 से अधिक टीमें लगाई जाएंगी जो श्रद्धालुओं की थर्मल स्क्रीनिंग के साथ-साथ कोरोना की जांच भी करेगी. हालांकि अभी तक कुंभ की अधिसूचना जारी नहीं हुयी है लेकिन कोविड-19 के मद्देनजर पहला शाही स्नान कुंभ मेला प्रशासन के लिए किसी चुनौती से कम नहीं माना जा रहा है.
बैठक में मेला पुलिस महानिरीक्षक संजय गुंज्याल ने कहा कि मेला नियंत्रण कक्ष में एक वॉर रूम बनाया जाए जिसमे हर विभाग का एक-एक सक्षम अधिकारी स्नान के दौरान मौजूद रहे ताकि किसी भी विभाग से जुडी समस्या के सामने आने पर तत्काल उसका निराकरण हो सके.
(The above story first appeared on LatestLY on Mar 07, 2021 05:44 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

