Noida International Airport: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से 15 जून को भरेगा पहला विमान, लखनऊ जाएंगे किसान, अधिकारियों की मौजूदगी में होगी शुरुआत

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक पहुंचने के लिए फिलहाल सड़क मार्ग सबसे सुविधाजनक विकल्प रहेगा. यात्री एयरपोर्ट टैक्सी, ओला, उबर और रैपिडो जैसी कैब सेवाओं का उपयोग करके एयरपोर्ट पहुंच सकते हैं. अभी एयरपोर्ट तक मेट्रो की सीधी कनेक्टिविटी उपलब्ध नहीं है, इसलिए शुरुआती दौर में यात्रियों को सड़क मार्ग पर ही निर्भर रहना होगा.

(Photo Credits: IANS)

Noida International Airport: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है. लंबे इंतजार के बाद 15 जून से एयरपोर्ट पर कमर्शियल ऑपरेशन की शुरुआत होने जा रही है. मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार, नोएडा एयरपोर्ट से उड़ान भरने वाला पहला विमान लखनऊ जाएगा, जिसमें किसानों को यात्रा कराई जाएगी. इस विशेष उड़ान को मंत्रालय, DGCA और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (NIAL) के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा. एयरपोर्ट के CEO भी इस दौरान मौजूद रहेंगे.

घरेलू उड़ानों के साथ शुरू होगा कमर्शियल संचालन

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट 15 जून से घरेलू उड़ानों के साथ अपने कमर्शियल संचालन की शुरुआत करने के लिए पूरी तरह तैयार है. इसके लिए एयरपोर्ट पर सभी जरूरी सिस्टम और प्रक्रियाओं का सफल परीक्षण किया जा चुका है. विजुअल डॉकिंग गाइडेंस सिस्टम (VDGS), पैसेंजर बोर्डिंग ब्रिज और ग्राउंड पावर सिस्टम समेत विभिन्न सुविधाओं की जांच पूरी हो चुकी है. इसके अलावा, इंस्ट्रूमेंट लैंडिंग सिस्टम (ILS) और रिक्वायर्ड नेविगेशन परफॉर्मेंस (RNP) अप्रोच प्रक्रियाओं का भी दोबारा सत्यापन किया गया है, ताकि उड़ानों का संचालन सुरक्षित और सुचारु रूप से किया जा सके.

इंडिगो भी शुरू करेगी उड़ानें

गौरतलब है कि पिछले महीने इंडिगो ने घोषणा की थी कि वह 15 जून से जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से अपनी कमर्शियल उड़ानों की शुरुआत करेगी. इसके साथ ही यात्रियों को दिल्ली एयरपोर्ट के अलावा एक नया और आधुनिक विकल्प मिल जाएगा.

आस-पास के शहरों को मिलेगा बड़ा फायदा

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के शुरू होने से नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और हरियाणा व राजस्थान के कई इलाकों के यात्रियों को बड़ा फायदा मिलेगा. वर्षों की योजना और निर्माण कार्य के बाद तैयार हुए इस एयरपोर्ट से क्षेत्र की कनेक्टिविटी और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है. अब तक उत्तर प्रदेश के कई यात्रियों को अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे तक जाना पड़ता था. लेकिन अब वे सीधे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से अपनी उड़ानें पकड़ सकेंगे.

कैसे पहुंचे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट?

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक पहुंचने के लिए फिलहाल सड़क मार्ग सबसे सुविधाजनक विकल्प रहेगा. यात्री एयरपोर्ट टैक्सी, ओला, उबर और रैपिडो जैसी कैब सेवाओं का उपयोग करके एयरपोर्ट पहुंच सकते हैं. अभी एयरपोर्ट तक मेट्रो की सीधी कनेक्टिविटी उपलब्ध नहीं है, इसलिए शुरुआती दौर में यात्रियों को सड़क मार्ग पर ही निर्भर रहना होगा.

हालांकि, कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए एयर-कंडीशंड इलेक्ट्रिक बस सेवाएं शुरू करने की योजना पर काम चल रहा है. अधिकारियों के मुताबिक, जल्द ही इन बस सेवाओं की शुरुआत की जाएगी, जिससे यात्रियों को एयरपोर्ट तक पहुंचने में और अधिक सुविधा मिलेगी. भविष्य में एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी को और मजबूत किए जाने की भी उम्मीद है.

Share Now