कोटा में NEET की तैयारी कर रही नाबालिग छात्रा ने की आत्महत्या, परीक्षा से ठीक एक रात पहले उठाया दुखद कदम
NEET की तैयारी कर रही एक नाबालिग छात्रा ने कोटा में परीक्षा से ठीक एक रात पहले फांसी लगाकर जान दे दी. पुलिस मामले की जांच कर रही है और खुदकुशी की वजह पता लगाने की कोशिश जारी है. यह घटना कोटा की कोचिंग इंडस्ट्री और छात्रों पर बढ़ते दबाव को फिर से सामने लाती है.
राजस्थान के कोटा से एक दुखद खबर सामने आई है. NEET की तैयारी कर रही एक नाबालिग लड़की ने परीक्षा से ठीक एक रात पहले खुदकुशी कर ली. बताया जा रहा है कि छात्रा ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी. ये घटना उस वक्त हुई जब देशभर के लाखों छात्र-छात्राएं NEET UG 2025 की तैयारी में जुटे हैं.
कोटा के थाना प्रभारी (SHO) अरविंद भारद्वाज ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश में है कि आखिर छात्रा ने यह कदम क्यों उठाया. उसके परिवार, दोस्तों और कोचिंग संस्थान से भी पूछताछ की जा रही है.
इधर, NEET UG 2025 की परीक्षा आज यानी 4 मई को दोपहर 2 बजे से 5 बजे तक देशभर में आयोजित की जा रही है. यह परीक्षा मेडिकल कॉलेजों में MBBS और BDS जैसे कोर्स में दाखिले के लिए होती है और इसमें हर साल लाखों छात्र हिस्सा लेते हैं.
कोटा देशभर में मेडिकल और इंजीनियरिंग की कोचिंग के लिए जाना जाता है, लेकिन यहां पढ़ने वाले कई छात्रों पर तनाव और दबाव इतना बढ़ जाता है कि वे टूट जाते हैं. यह घटना एक बार फिर कोटा की कोचिंग इंडस्ट्री और छात्रों की मानसिक स्थिति पर सवाल खड़े कर रही है. ज़रूरी है कि हम सिर्फ परीक्षा की तैयारी ही नहीं, बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य का भी ख्याल रखें. अगर आप या आपका कोई जानने वाला मानसिक तनाव से जूझ रहा है, तो नजदीकी काउंसलर या हेल्पलाइन से मदद जरूर लें.