देश

Nagpur Violence Case: नागपुर हिंसा मामले में 'मास्टरमाइंड' फहीम खान गिरफ्तार, 21 मार्च तक पुलिस कस्टडी में भेजा गया

नागपुर में हुई हिंसा के मुख्य आरोपी और माइनॉरिटी डेमोक्रेटिक पार्टी के जिला अध्यक्ष फहीम खान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. कोर्ट में पेशी के बाद उसे 21 मार्च तक पुलिस कस्टडी में भेज दिया गया है.

Nagpur Violence Case: नागपुर हिंसा मामले में 'मास्टरमाइंड' फहीम खान गिरफ्तार, 21 मार्च तक पुलिस कस्टडी में भेजा गया

नागपुर, 19 मार्च : नागपुर में हुई हिंसा के मुख्य आरोपी और माइनॉरिटी डेमोक्रेटिक पार्टी के जिला अध्यक्ष फहीम खान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. कोर्ट में पेशी के बाद उसे 21 मार्च तक पुलिस कस्टडी में भेज दिया गया है. फहीम खान को इस हिंसा का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है. गणेशपेठ में दर्ज एफआईआर के मुताबिक, उसने भीड़ इकट्ठा कर पुलिस थाने के बाहर प्रदर्शन किया और लोगों को भड़काया. आरोप है कि उसने पथराव की साजिश रची, जिसके लिए पहले से पत्थर जमा किए गए थे.

इस हिंसा को लेकर कुल 51 नामजद आरोपियों पर मामला दर्ज किया गया है. पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, ये सभी एक ही धर्म के हैं और सुनियोजित तरीके से हिंसा भड़काने की कोशिश की गई. एफआईआर में यह भी कहा गया है कि हिंसा के दौरान महिला पुलिसकर्मियों के साथ छेड़खानी, बदसलूकी और दुष्कर्म की साजिश रची गई. पुलिस के अनुसार, यह घटना जानबूझकर की गई ताकि प्रशासन को दबाव में लाया जा सके. यह भी पढ़ें : शिवाजी महाराज से जुड़े सभी क्षेत्रों को भारत गौरव सर्किट से जोड़ा जाएगा: वैष्णव

भीड़ ने पुलिस पर आरोप लगाया कि वे सिर्फ एक पक्ष के लिए काम कर रही हैं. इस दौरान अशोभनीय भाषा और गालियों का भी इस्तेमाल किया गया. उल्लेखनीय है कि फहीम खान पहले भी चर्चाओं में रहा है. वह केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के खिलाफ चुनाव लड़ चुका है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि भीड़ कैसे जुटाई गई, हिंसा की साजिश कहां बनी और पत्थर कहां से लाए गए. वहीं, गिरफ्तार आरोपियों से भी पूछताछ जारी है. पुलिस ने बताया कि हिंसा में शामिल सभी दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

बता दें कि नागपुर में सोमवार को हिंसा हुई, जिसमें कई पुलिस अधिकारी समेत अन्य पुलिसकर्मी घायल हो गए. हिंसा के बाद लोगों पर एफआईआर दर्ज की गई है. इसके साथ ही कई इलाकों में कर्फ्यू लगा दिया गया है. इस हिंसा में उपद्रवियों ने कई गाड़ियों में आग लगा दी और तोड़फोड़ की. इस हिंसा की शुरुआत तब हुई जब दोनों गुटों के बीच तनाव बढ़ा और स्थिति बेकाबू हो गई. पथराव, आगजनी और तोड़फोड़ के कारण इलाके में तनाव फैल गया है. स्थिति को देखते हुए इलाके में पुलिस की तैनाती बढ़ा दी गई है.

(The above story first appeared on LatestLY on Mar 19, 2025 02:43 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).