Mumbai Water Cut: मुंबई के इस वार्ड में आज से 24 घंटे की पानी कटौती, ये इलाके होंगे प्रभावित; चेक करें डिटेल्स
बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने वैतरणा जलवाहिनी के रखरखाव कार्य के लिए 11 अगस्त से 12 अगस्त 2026 तक 24 घंटे के जलापूर्ति बंद की घोषणा की है. इससे बांद्रा, सांताक्रुज, बीकेसी और हवाई अड्डे के क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति प्रभावित रहेगी.
Mumbai Water Cut: मुंबई के एच-ईस्ट वार्ड के निवासियों को अगले 24 घंटों के लिए गंभीर जल संकट का सामना करना पड़ सकता है. बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने मंगलवार, 11 अगस्त 2026 की सुबह 10:00 बजे से बुधवार, 12 अगस्त की सुबह 10:00 बजे तक पानी की आपूर्ति पूरी तरह से बंद रखने की घोषणा की है.
यह कटौती मुंबई की जल वितरण प्रणाली को सुदृढ़ करने और 2,400 मिलीमीटर व्यास वाली वैतरणा जलवाहिनी (Vaitarna Water Pipeline) के आवश्यक रखरखाव एवं मरम्मत कार्य के कारण की जा रही है.
ये इलाके होंगे सबसे ज्यादा प्रभावित
बीएमसी द्वारा जारी सूची के अनुसार, इस कटौती का असर एच-ईस्ट वार्ड के कई प्रमुख आवासीय और वाणिज्यिक क्षेत्रों पर पड़ेगा.
जलापूर्ति बंद रहने वाले प्रमुख इलाकों में सांताक्रुज (पूर्व), बांद्रा (पूर्व), खार (पूर्व), बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC), डोमेस्टिक एयरपोर्ट परिसर, एयर इंडिया कॉलोनी, हैंगर स्टाफ कॉलोनी और बांद्रा रेलवे टर्मिनस शामिल हैं. इसके अलावा, पड़ोसी के-ईस्ट/के-साउथ वार्ड के कुछ हिस्सों में भी इस दौरान कम दबाव से पानी दिया जाएगा.
बीएमसी ने जारी की नागरिकों के लिए एडवाइजरी
पानी की किल्लत को देखते हुए नागरिक प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों के निवासियों से पहले से ही पर्याप्त मात्रा में पानी जमा करने की अपील की है. बीएमसी ने लोगों से आग्रह किया है कि वे इस अवधि के दौरान पानी का उपयोग बेहद सावधानी और किफायत से करें.
साथ ही, रखरखाव कार्य पूरा होने के बाद शुरुआती कुछ दिनों तक एहतियात के तौर पर पानी को उबालकर और छानकर पीने की सलाह दी गई है. बीएमसी अधिकारियों का कहना है कि मरम्मत का काम समय पर पूरा होते ही जलापूर्ति चरणबद्ध तरीके से बहाल कर दी जाएगी.