देश

Mumbai Rains: मुंबई के बांद्रा, मुलुंड और मीरा रोड समेत कई इलाकों में बारिश, गर्मी से मिली थोड़ी राहत; VIDEOS

मुंबई और उसके आसपास के इलाकों में बुधवार सुबह हुई बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी और उमस से बड़ी राहत दी है. मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, केरल में 4 जून को मानसून की दस्तक के बाद अगले 10 दिनों के भीतर मुंबई में भी मानसून के पहुंचने की उम्मीद है.

Mumbai Rains: मुंबई के बांद्रा, मुलुंड और मीरा रोड समेत कई इलाकों में बारिश, गर्मी से मिली थोड़ी राहत; VIDEOS
(Photo Credits Twitter)

Mumbai Rains:  मुंबई और उसके आसपास के इलाकों में पिछले कई दिनों से जारी भीषण गर्मी और उमस के बाद बुधवार (3 जून 2026) की सुबह राहत भरी रही. मुंबई के दक्षिण हिस्से सहित कई इलाकों में सुबह से ही मध्यम से भारी बारिश देखने को मिली, जबकि कुछ क्षेत्रों में तड़के से ही हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई. इस बेमौसम बारिश ने मुंबईकरों को चिलचिलाती धूप से फौरी राहत दी है और इसे मानसून के आगमन से पहले मौसम में आ रहे बदलाव के संकेत के रूप में देखा जा रहा है.

मुंबईकरों द्वारा सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो और तस्वीरों में महालक्ष्मी, मरीन ड्राइव, बांद्रा, अंधेरी, कांदिवली और मीरा रोड जैसे इलाकों में मध्यम से भारी बौछारें पड़ती दिखाई दे रही हैं. इसके अलावा सेंट्रल लाइन के घाटकोपर, मुलुंड और कुर्ला के कुछ हिस्सों में भी तेज बारिश ने दस्तक दी है.  यह भी पढ़े:  Mumbai Monsoon: मुंबई का मौसम हुआ सुहाना, मानसून की शुरुआत के बाद कुछ इलाकों में बारिश, देखें VIDEO

मुंबई में बारिश

मुंबई में कब आएगा मानसून? आईएमडी डायरेक्टर ने दी जानकारी

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, मुंबईकरों को जल्द ही उमस भरे मौसम से पक्की राहत मिलने वाली है. दक्षिण-पश्चिम मानसून के 4 जून को केरल पहुंचने की उम्मीद है, जिसके बाद यह धीरे-धीरे महाराष्ट्र की ओर बढ़ेगा.

समाचार एजेंसी आईएएनएस (IANS) से बात करते हुए आईएमडी के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया, "मानसून पहले केरल पहुंचेगा और फिर धीरे-धीरे आगे बढ़ेगा. अगर परिस्थितियां अनुकूल रहीं और मानसून सामान्य गति से आगे बढ़ा, तो इसे महाराष्ट्र के कुछ जिलों तक पहुंचने में लगभग एक सप्ताह और मुंबई पहुंचने में करीब 10 दिन का समय लग सकता है."

मुंबई में कब आएगा मानसून

कोंकण और गोवा में बढ़ेगी हलचल

मौसम विभाग के मुताबिक, केरल और कर्नाटक के तटीय इलाकों में पहले से ही लगातार बारिश हो रही है. इसके विपरीत, महाराष्ट्र में फिलहाल केवल छिटपुट जगहों पर आंधी-तूफान के साथ हल्की बारिश देखी जा रही है. हालांकि, अगले तीन से चार दिनों के भीतर मौसम की गतिविधियां और तेज होने की उम्मीद है, विशेष रूप से कोंकण और गोवा के क्षेत्रों में मानसून पूर्व (Pre-monsoon) का असर साफ दिखाई देगा.

कल से हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान

आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार, ठाणे और नवी मुंबई सहित पूरे मुंबई महानगर क्षेत्र (MMR) में मौसम का मिजाज बदलने वाला है. बिक्रम सिंह ने बताया कि 4 जून से निवासियों को गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी.

इसके अलावा, 8 और 9 जून के बाद बारिश और आंधी-तूफान की तीव्रता में और बढ़ोतरी होने की संभावना है. इस दौरान मुंबई और पड़ोसी जिलों में तेज हवाओं के साथ व्यापक रूप से बारिश हो सकती है.

मुंबई की हवा हुई साफ, AQI 'बेहतर' श्रेणी में

बारिश के चलते मुंबई की वायु गुणवत्ता (Air Quality) में भी काफी सुधार देखने को मिला है. शहर का समग्र वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) बेहद शानदार स्तर पर यानी '21' दर्ज किया गया, जो 'अच्छी' (Good) श्रेणी में आता है. शहर में वर्ली, वाल्केश्वर और परेल-भोईवाड़ा में हवा की गुणवत्ता सबसे साफ दर्ज की गई, जबकि अन्य कई इलाकों में भी एक्यूआई का स्तर अच्छा से मध्यम के बीच बना रहा.

(The above story first appeared on LatestLY on Jun 03, 2026 11:13 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).