Mumbai Rains: मुंबई में चिलचिलाती गर्मी के बीच सुबह-सुबह बारिश, IMD का अलर्ट, अगले 24 घंटों में मानसून सक्रिय हो सकता है; VIDEOS
मुंबई और उसके आसपास के इलाकों में सुबह-सुबह हुई बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है. मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, अगले 18 से 24 घंटों में मानसून पूरी रफ्तार पकड़ सकता है, जिससे महानगर में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है.
Mumbai Rain: मुंबई और उसके आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों को भीषण गर्मी और उमस से बड़ी राहत मिली है. महानगर में सुबह-सुबह तेज बिजली और गरज के साथ प्री-मानसून की पहली बौछारें पड़ीं. इस अचानक हुई बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे पिछले कई दिनों से चिलचिलाती गर्मी झेल रहे मुंबईकरों के चेहरे खिल उठे हैं.
सड़कों पर जलजमाव और ट्रैफिक पर असर
सीजन की इस पहली बारिश के कारण मुंबई के कई निचले इलाकों और प्रमुख सड़कों पर पानी जमा होने की खबरें आई हैं. ईस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे और बांद्रा ईस्ट सहित विभिन्न हिस्सों में सड़कों पर जलजमाव के कारण सुबह के समय वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई. दफ्तर और काम पर जाने वाले यात्रियों को यातायात में देरी और कुछ दिक्कतों का सामना करना पड़ा. स्थानीय प्रशासन स्थिति को सामान्य करने के लिए प्रयास कर रहा है. यह भी पढ़े: Weather Forecast Today: उत्तर भारत समेत देश के करीब 20 राज्यों में आंधी-तूफान और भारी बारिश की चेतावनी, जानें दिल्ली और मुंबई में आज कैसा रहेगा मौसम
मुंबई में बारिश
अगले 24 घंटों में रफ्तार पकड़ेगा मानसून
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, मुंबई में मानसून का औपचारिक आगमन आज या कल के भीतर होने की पूरी संभावना है. मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि जब मानसून के आगमन के लिए निर्धारित सभी तकनीकी मानक पूरे हो जाएंगे, तब इसकी आधिकारिक घोषणा की जाएगी.
अनुमान जताया गया है कि अगले 18 से 24 घंटों के दौरान बारिश की गतिविधि धीरे-धीरे बढ़ेगी. इस दौरान मुंबई और मुंबई महानगर क्षेत्र (MMR) के कई हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश होने की उम्मीद है.
मुंबई में बारिश
मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
आईएमडी (IMD) ने मुंबई और तटीय कोंकण क्षेत्र के लिए आने वाले दिनों के लिए अलर्ट जारी किया है. अरब सागर से आ रही तेज हवाओं और नमी के कारण बारिश का यह दौर आगे और मजबूत होगा. नागरिकों को सलाह दी गई है कि वे भारी बारिश और आंधी-तूफान की स्थिति में अपनी यात्रा की योजना मौसम के अपडेट को देखकर ही बनाएं.