Mumbai-Pune Expressway Accident: मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, खोपोली के पास पलटा कंटेनर, टक्कर के बाद 2 की मौत, 3 जख्मी; VIDEO

मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर सोमवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हुआ. खालापूर-खोपोली के पास एक कंटेनर के पलटने और उसके बाद दूसरे ट्रक से हुई टक्कर में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक बुजुर्ग महिला समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.

Mumbai-Pune Expressway Accident

Mumbai-Pune Expressway Accident Video: मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर सोमवार सुबह तड़के एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है. खालापूर फूड मॉल और खोपोली के पास एक तेज रफ्तार कंटेनर का ब्रेक फेल होने के कारण वह अनियंत्रित होकर हाईवे पर पलट गया. इसी दौरान पीछे से आ रहे एक अन्य ट्रक की इस पलटे हुए कंटेनर से जोरदार भिड़ंत हो गई. इस भीषण टक्कर में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला समेत तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.

ब्रेक फेल होने से पलटा कंटेनर

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना सुबह करीब 4.30 से 5.00 बजे के बीच घटित हुई. पुणे से मुंबई की दिशा में जा रहे एक भारी मालवाहक कंटेनर के अचानक ब्रेक फेल हो गए. ब्रेक काम न करने की वजह से चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और कंटेनर बीच सड़क पर ही पलट गया.  यह भी पढ़े: Agra-Lucknow Expressway Accident: आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा, दिल्ली से बिहार जा रही बस अनियंत्रित होकर पलटी, 6 की दर्दनाक मौत; VIDEO

मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा

इसी दौरान पीछे से तांदुल (चावल) की बोरियों से लदा एक तेज रफ्तार ट्रक आ रहा था. कंटेनर को अचानक सामने पलटा देख ट्रक चालक को ब्रेक लगाने का मौका नहीं मिला और ट्रक सीधे कंटेनर से जा टकराया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक के सामने का हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया. इस हादसे में ट्रक के चालक और क्लीनर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई.

अर्टिगा कार भी आई चपेट में

यह हादसा इतना भयानक था कि दोनों भारी वाहनों की टक्कर की चपेट में बगल की लेन से गुजर रही एक अर्टिगा (Ertiga) कार भी आ गई. दोनों गाड़ियों से रगड़ खाकर कार को भी भारी नुकसान पहुंचा है. इस कार में सवार यात्रियों में से दो लोग घायल हुए हैं, जिनमें एक 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला की स्थिति बेहद नाजुक बताई जा रही है. सभी घायलों को तुरंत रेस्क्यू कर नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

हादसे के बाद  घंटों लगा रहा लंबा जाम

टक्कर के बाद कंटेनर में रखे खाद्य तेल के डिब्बे हाईवे पर बिखर गए, जिससे सैकड़ों लीटर तेल सड़क पर फैल गया. इसके साथ ही दूसरे ट्रक में लदा चावल भी चारों लेन पर फैल गया. तेल रिसाव के कारण सड़क पर भयंकर फिसलन हो गई, जिससे अन्य वाहनों के लिए भी खतरा पैदा हो गया.

इस हादसे के चलते एक्सप्रेसवे की मुंबई जाने वाली 'मिसिंग लिंक' वाहिनी पर यातायात पूरी तरह ठप्प हो गया और हाईवे पर कई किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया. सोशल मीडिया पर सामने आए ड्रोन वीडियो और दृश्यों में गाड़ियों की लंबी कतारें रेंगती हुई नजर आईं.

कड़ी मशक्कत के बाद बहाल हुई यातायात

घटना की सूचना मिलते ही खोपोली पुलिस, हाईवे अथॉरिटी, बोरघाट हाईवे यूनिट और राहत बचाव दल (IRB) तुरंत मौके पर पहुंचे. दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने के लिए क्रेन बुलाई गई. दमकल और हाईवे कर्मियों ने सड़क पर फैले तेल को साफ करने और चावल की बोरियों को हटाने के लिए कड़ी मशक्कत की. करीब दो घंटे से अधिक समय तक चले इस बड़े रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद धीरे-धीरे एक-एक लेन को साफ किया गया, जिसके बाद यातायात को दोबारा सुचारू रूप से शुरू किया जा सका. स्थानीय पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

Share Now