Mumbai Milk Price: मुंबई में 1 सितंबर से ₹9 महंगा होगा दूध, चाय से लेकर मिठाई तक हो जाएगी महंगी!
मुंबई में 1 सितंबर 2026 से तबेले और फार्म से आपूर्ति किए जाने वाले दूध की थोक कीमतों में 9 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि की जा रही है. थोक दरें 93 रुपये से बढ़कर 102 रुपये प्रति लीटर होने से खुदरा बाजार में दूध की कीमत 110 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच सकती है.
Mumbai Milk Price: मुंबई में आगामी त्योहारों के सीजन से ठीक पहले आम उपभोक्ताओं और परिवारों पर महंगाई का नया बोझ पड़ने जा रहा है. मुंबई दुग्ध उत्पादक संघ (MMPA) ने शहर में तबेले और डेयरी फार्म से आपूर्ति होने वाले ताजे भैंस के दूध की थोक कीमतों में बड़ी बढ़ोतरी का फैसला किया है. 1 सितंबर 2026 से थोक दूध के दाम में एकमुश्त 9 रुपये प्रति लीटर का इजाफा किया जाएगा.
वर्तमान में 93 रुपये प्रति लीटर की दर से बिक रहा थोक दूध 1 सितंबर से 102 रुपये प्रति लीटर मिलेगा. थोक दरों में इस सीधी वृद्धि के कारण local retailers और विक्रेताओं के मार्जिन को जोड़कर खुदरा बाजार में दूध की दरें 105 से 107 रुपये प्रति लीटर तक पहुंचने का अनुमान जताया जा रहा है. यह नई संशोधित दरें 28 फरवरी 2027 तक लागू रहेंगी. यह भी पढ़े: Mumbai News Today: मुंबई की ताजा खबरें, लोकल ट्रेन मेगा ब्लॉक से दूध के दाम बढ़ने तक यहां पढ़ें दिनभर के बड़े अपडेट
उत्पादन लागत और पशु आहार के दाम बढ़ने से लिया फैसला
मुंबई दुग्ध उत्पादक संघ के अनुसार, पशुपालकों की बढ़ती परिचालन लागत के कारण यह कदम उठाना पड़ा है. एसोसिएशन ने बताया कि दुधारू पशुओं की खरीद कीमत के साथ-साथ उनके रख-रखाव और पशु आहार की लागत में काफी इजाफा हुआ है.
बाजार में दाना, तूर चूनी, चना चूनी, खली, घास और पिंडा समेत अन्य पशु आहार के दामों में करीब 25 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है. ऐसी स्थिति में पुरानी दरों पर आपूर्ति जारी रखना डेयरी किसानों और उत्पादकों के लिए व्यावहारिक नहीं रह गया था.
आम परिवारों और खान-पान के बाजार पर पड़ेगा असर
दूध की कीमतों में इस बढ़ोतरी का सीधा असर आम मुंबईकरों के मासिक बजट पर पड़ेगा. रोजाना 2 लीटर दूध की खपत करने वाले परिवारों का खर्च हर महीने करीब 500 रुपये से अधिक बढ़ सकता है.
यह बढ़ोतरी मुख्य रूप से लूज और तबेले के दूध पर लागू हो रही है. हालांकि, दूध महंगा होने से चाय की दुकानों, होटलों, रेस्टोरेंट और मिठाई विक्रेताओं की लागत भी बढ़ेगी. इसके चलते आने वाले दिनों में चाय, कॉफी, दही, लस्सी, पनीर और मिठाइयों के दाम भी बढ़ सकते हैं.
31 अगस्त को जारी होगी अंतिम खुदरा रेट लिस्ट
MMPA के अध्यक्ष चंद्रकुमार सिंह के अनुसार, नई थोक दरें 1 सितंबर 2026 से 28 फरवरी 2027 तक छह महीने की अवधि के लिए तय की गई हैं. इसके बाद बाजार की स्थितियों की समीक्षा करके आगे का निर्णय लिया जाएगा.
फिलहाल खुदरा बाजार में अंतिम बिक्री मूल्य तय करने के लिए प्रक्रिया जारी है, जिसकी औपचारिक रेट लिस्ट 31 अगस्त को स्पष्ट होने की संभावना है. त्योहारों से ठीक पहले दूध के बढ़ते दाम उपभोक्ताओं के लिए चिंता का विषय बने हुए हैं.