Mumbai Metro Accident: विक्रोली में मेट्रो निर्माण के दौरान बड़ा हादसा, बाइक सवार पर गिरा लोहे का बैरिकेड, MMRDA ने ठेकेदार पर लगाया 2 करोड़ रुपये का जुर्माना
विक्रोली की यह घटना ऐसे समय हुई है जब मेट्रो-4 परियोजना में हाल के महीनों में कई गंभीर हादसे हो चुके हैं. 12 सितंबर को वडाला स्थित निर्माणाधीन भक्ति पार्क मेट्रो स्टेशन पर लोहे का स्ट्रक्चर गिरने से दो मजदूरों की मौत हो गई थी. इससे पहले 14 फरवरी को मुलुंड में प्रीकास्ट पैरापेट स्लैब सड़क पर गिरने से एक व्यक्ति की मौत और तीन अन्य घायल हो गए थे.
Mumbai Metro Accident: मुंबई के विक्रोली में मेट्रो निर्माण कार्य के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में 54 वर्षीय प्लंबर की मौत हो गई. मृतक की पहचान वासी हैदर इस्माइली के रूप में हुई है, जो 18 सितंबर की सुबह काम पर जाने के लिए मुलुंड की ओर जा रहे थे. इसी दौरान एलबीएस रोड स्थित रोजरी बिल्डिंग के पास निर्माण स्थल पर लगा लोहे का बैरिकेड उनकी चलती बाइक पर गिर गया. हादसे के बाद मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (MMRDA) ने शुरुआती जांच के आधार पर ठेकेदार एम/एस गोदरेज एंड बॉयस पर 2 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया है और विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं.
कैसे हुआ हादसा?
रिपोर्ट के मुताबिक, घाटकोपर निवासी वासी हैदर इस्माइली रोज की तरह काम पर जा रहे थे. सुबह करीब 11:30 बजे विक्रोली के एलबीएस रोड पर मेट्रो निर्माण स्थल के पास उनकी बाइक पर अचानक लोहे का बैरिकेड गिर गया. गंभीर रूप से घायल इस्माइली को तुरंत राजावाड़ी अस्पताल ले जाया गया, जहां दोपहर 12:35 बजे डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
परिवार ने लगाया लापरवाही का आरोप
मृतक के बेटे द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत में आरोप लगाया गया है कि निर्माण स्थल पर लगाया गया बैरिकेड ठीक से सुरक्षित नहीं किया गया था और सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया गया. शिकायत के आधार पर पार्कसाइट पुलिस ने परियोजना निदेशक, प्रबंधक, साइट सुपरवाइजर और निर्माण कार्य से जुड़ी कंपनी के खिलाफ मामला दर्ज किया है. पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106 के तहत लापरवाही से मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
MMRDA ने लगाया 2 करोड़ रुपये का जुर्माना
MMRDA ने घटना की प्रारंभिक जांच के बाद ठेकेदार एम/एस गोदरेज एंड बॉयस पर 2 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया है. प्राधिकरण ने कहा कि विस्तृत जांच में यह देखा जाएगा कि निर्माण स्थल पर निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं. MMRDA ने अपने बयान में कहा कि परियोजना स्थलों पर सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सुरक्षा नियमों में किसी भी तरह की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.
हादसे को लेकर सामने आए दो अलग-अलग दावे
मृतक के परिवार का आरोप है कि बैरिकेड ठीक से लगाया नहीं गया था, जिसके कारण वह बाइक पर गिर गया. वहीं MMRDA की प्रारंभिक जांच में संभावना जताई गई है कि बाइक बैरिकेड से टकराई होगी, जिससे बैरिकेड गिर गया. हालांकि, प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि यह अंतिम निष्कर्ष नहीं है और पूरी सच्चाई विस्तृत जांच के बाद सामने आएगी.
मेट्रो-4 परियोजना में पहले भी हो चुके हैं हादसे
विक्रोली की यह घटना ऐसे समय हुई है जब मेट्रो-4 परियोजना में हाल के महीनों में कई गंभीर हादसे हो चुके हैं. 12 सितंबर को वडाला स्थित निर्माणाधीन भक्ति पार्क मेट्रो स्टेशन पर लोहे का स्ट्रक्चर गिरने से दो मजदूरों की मौत हो गई थी. इससे पहले 14 फरवरी को मुलुंड में प्रीकास्ट पैरापेट स्लैब सड़क पर गिरने से एक व्यक्ति की मौत और तीन अन्य घायल हो गए थे.
रिपोर्ट्स के अनुसार, फरवरी से अब तक मेट्रो-4 परियोजना से जुड़े तीन अलग-अलग हादसों में चार लोगों की जान जा चुकी है. ऐसे में निर्माण स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं.