देश

Mumbai Local: मुंबई की लोकल में गलती से महिला कोच में चढ़ा युवक, चलती ट्रेन से कूदने की कोशिश पर महिला यात्रियों ने बचाया; VIDEO

मुंबई लोकल ट्रेन में गलती से महिलाओं के कोच में चढ़े एक शख्स को जब अपनी गलती का अहसास हुआ, तो उसने चलती ट्रेन से कूदने की कोशिश की. कोच में मौजूद महिला यात्रियों ने सूझबूझ दिखाते हुए उसे बचाया.

Mumbai Local: मुंबई की लोकल में गलती से महिला कोच में चढ़ा युवक, चलती ट्रेन से कूदने की कोशिश पर महिला यात्रियों ने बचाया; VIDEO

Mumbai Local: मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेन से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है. इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहे एक वीडियो में एक पुरुष यात्री जल्दबाजी में गलती से महिलाओं के लिए आरक्षित (लेडीज) डिब्बे में सवार हो गया. डिब्बे में मौजूद महिला यात्रियों द्वारा ध्यान दिलाए जाने पर जब युवक को अपनी गलती का अहसास हुआ, तो वह घबरा गया और उसने चलती ट्रेन से नीचे कूदने का प्रयास किया. हालांकि, वहां मौजूद महिलाओं की सतर्कता से एक बड़ा हादसा टल गया.

महिला यात्रियों ने दिखाई सूझबूझ

वायरल वीडियो के दृश्यों में देखा जा सकता है कि युवक अपनी गलती समझने के बाद बेहद डरा हुआ नजर आ रहा था. चलती ट्रेन की रफ्तार के कारण उसने जैसे ही दरवाजे से बाहर छलांग लगाने की कोशिश की, महिला यात्रियों ने तुरंत उसे पकड़ लिया. महिलाओं को डर था कि चलती ट्रेन से कूदने पर युवक गंभीर रूप से घायल हो सकता है या उसकी जान भी जा सकती है.

लोकल में गलती से महिला कोच में चढ़ा युवक

हाथ जोड़कर मांगता रहा माफी

वीडियो में आगे दिखता है कि महिलाएं उसे खींचकर वापस सुरक्षित अंदर लाती हैं. इसके बाद युवक काफी सहमा हुआ दिखाई देता है और अगला स्टेशन आने तक दोनों हाथ जोड़कर महिला यात्रियों से लगातार माफी मांगता रहता है. ट्रेन के अगले स्टेशन पर रुकते ही वह सुरक्षित नीचे उतर गया. सोशल मीडिया पर यूजर्स महिलाओं की इस समझदारी और त्वरित कार्रवाई की तारीफ कर रहे हैं. कई लोगों का कहना है कि भीड़भाड़ और जल्दबाजी के दौरान ऐसी गलतफहमी होना स्वाभाविक है.

मुंबई लोकल में सामने आई हाथापाई की एक अन्य घटना

इसी बीच, मुंबई लोकल से जुड़ा एक और वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है. पुरुषों के खचाखच भरे एक कोच में दो यात्रियों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया. देखते ही देखते दोनों के बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई कि दोनों एक-दूसरे पर लात-घूंसे बरसाने लगे.

ट्रेन में मौजूद अन्य यात्रियों ने बीच-बचाव कर दोनों को अलग किया और मामले को शांत कराया. रेलवे प्रशासन समय-समय पर यात्रियों से धैर्य बनाए रखने और यात्रा के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील करता रहता है.

(The above story first appeared on LatestLY on Aug 30, 2026 01:05 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).