VIDEO: मुंबई के बोरीवली में केयर होम में बुजुर्ग महिला से मारपीट, केयरटेकर के खिलाफ FIR दर्ज
उत्तर मुंबई के बोरीवली पश्चिम इलाके से एक विचलित करने वाली घटना सामने आई है. यहां के 'साई सीनियर केयर फाउंडेशन' में एक 30 वर्षीय केयरटेकर द्वारा 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला के हाथ बांधकर उन्हें शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने का मामला दर्ज किया गया है.
मुंबई: उत्तर मुंबई के बोरीवली पश्चिम इलाके से एक विचलित करने वाली घटना सामने आई है. यहां के 'साई सीनियर केयर फाउंडेशन' में एक 30 वर्षीय केयरटेकर द्वारा 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला के हाथ बांधकर उन्हें शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने का मामला दर्ज किया गया है. यह घटना 11 मार्च की बताई जा रही है, जिसका खुलासा हाल ही में हुआ है. पुलिस ने आरोपी केयरटेकर को नोटिस जारी कर जांच शुरू कर दी है.
बार-बार शौचालय जाने पर की गई बर्बरता
FIR के अनुसार, शिकायतकर्ता महिला विशाली अजवेलकर पिछले छह महीने से बोरीवली के गोराई स्थित इस केयर होम में रह रही थीं. 11 मार्च की शाम करीब 4 से 5 बजे के बीच, बुजुर्ग महिला को स्वास्थ्य संबंधी कारणों से बार-बार शौचालय जाना पड़ा. आरोप है कि वहां तैनात केयरटेकर सुरेखा पवार ने उनकी मदद करने से इनकार कर दिया और उनके साथ दुर्व्यवहार किया. यह भी पढ़े: Mira-Bhayandar Hospital Shocker: मीरा-भायंदर अस्पताल की बड़ी लापरवाही, वेंटिलेटर पर जिंदगी की जंग लड़ रही एक 89 वर्षीय बुजुर्ग महिला को चूहे ने काटा, सुरक्षा पर उठे सवाल
केयर होम में बुजुर्ग महिला से मारपीट
हाथ बांधकर झाड़ू से पीटने का आरोप
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि आरोपी सुरेखा पवार ने बुजुर्ग महिला के हाथ बिस्तर से बांध दिए ताकि वे विरोध न कर सकें. इसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर महिला को झाड़ू से बेरहमी से पीटा. मारपीट के बाद केयरटेकर ने बुजुर्ग को धमकी दी कि यदि उन्होंने इस बारे में किसी को बताया, तो उन्हें दोबारा पीटा जाएगा. डर के कारण पीड़ित महिला कई दिनों तक चुप रही.
पुलिस- सामाजिक कार्यकर्ताओं की मदद से हुआ खुलासा
इस घटना का पता तब चला जब 20 मार्च को कुछ महिलाओं और पुरुषों का एक समूह एक महिला पुलिस अधिकारी के साथ केयर होम के दौरे पर पहुंचा. टीम ने जब विशाली अजवेलकर से विश्वास में लेकर बात की, तब उन्होंने अपनी आपबीती सुनाई. इसके बाद पीड़ित महिला ने बोरीवली पुलिस स्टेशन में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई.
कानूनी कार्रवाई-वर्तमान स्थिति
बोरीवली पुलिस ने आरोपी सुरेखा पवार, जो पालघर की निवासी है, के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 118(1) और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई है और कानूनी प्रक्रिया के तहत नोटिस दिया गया है. मामले की आगे की जांच जारी है.