देश

बहू ने बनाई भिंडी तो पिता ने कर दी बेटे की हत्या

उल्हासनगर पुलिस के अनुसार शांताराम को अपनी बहु के हाथ का खाना पसंद नहीं आता था और खाना खाते समय हमेशा झगडा होता था. रविवार को भी ऐसा ही हुआ.

बहू ने बनाई भिंडी तो पिता ने कर दी बेटे की हत्या
पुलिस ने आरोपी शांताराम को गिरफ्तार कर लिया है (File Photo)

मुंबई: मायानगरी मुंबई से सटे उल्हासनगर में पिता द्वारा बेटे की हत्या से सनसनी मच गई. पिता शांताराम (50) ने अपने बेटे कृष्णा (24) की हत्या केवल इसलिए की क्योंकि कृष्णा की पत्नी ने अच्छा खाना नहीं बनाया था. बता दें कि शांताराम अपने दो बेटे और बहु के साथ रहता था. कृष्णा और रेखा की शादी कुछ महीने पहले ही हुई थी. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

उल्हासनगर पुलिस के अनुसार शांताराम को अपनी बहु के हाथ का खाना पसंद नहीं आता था और खाना खाते समय हमेशा झगड़ा होता था. रविवार को भी ऐसा ही हुआ. शांताराम को सुरन खाना था मगर उसकी बहु रेखा ने भिंडी बनाई. शांताराम को खाना पसंद नहीं आया तो उसने खाना नाले में फेंक दिया. यह देखकर रेखा नाराज हो गई. यह सब तब हुआ जब कृष्णा घर पर नहीं था.

शाम को जब कृष्णा घर लौटा तो पिता शांताराम ने उसे पूरी बात बताई जिसके बाद रेखा और कृष्णा के बीच झगड़ा हुआ. गुस्से में कृष्णा घर से बाहर टहलने चला गया. इस बीच ससुर और बहु के बीच झगड़ा हो गया. कृष्णा जब घर लौटा तो उसने देखा कि शांताराम ने रेखा को पेट में मार दिया. कृष्णा ने उसे रोकने की कोशिश की लेकिन पिता ने कृष्णा पर ही हमला किया जिससे उसकी मौत हो गई.

बहरहाल, पुलिस ने आरोपी शांताराम के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच में जुटी है.

(The above story first appeared on LatestLY on May 23, 2018 09:54 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).