Mumbai Accident: मुंबई के मानखुर्द में बेकाबू BEST बस का कहर, डिवाइडर से टकराने के बाद 65 वर्षीय बुजुर्ग की रौंदने से मौत; कई घायल; VIDEO
मुंबई के मानखुर्द क्षेत्र में सायन-पनवेल हाईवे पर बेस्ट उपक्रम की बस अनियंत्रित होकर सड़क के डिवाइडर से टकरा गई. इस हादसे में डिवाइडर के पास खड़े 65 वर्षीय बुजुर्ग भास्कर पांडे की मौत हो गई, जबकि बस के चालक और कंडक्टर घायल हो गए हैं.
Mumbai Accident: मुंबई के मानखुर्द इलाके में सोमवार सुबह बृहन्मुंबई इलेक्ट्रिक सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट (BEST) की एक बस अनियंत्रित होकर हाईवे के डिवाइडर से टकरा गई. इस हादसे की चपेट में आने से डिवाइडर के पास खड़े 65 वर्षीय एक बुजुर्ग की दर्दनाक मौत हो गई. वहीं, दुर्घटना में बस के चालक और कंडक्टर दोनों घायल हो गए हैं.
इलाज के दौरान बुजुर्ग की मौत
स्थानीय अधिकारियों और पुलिस के अनुसार, यह हादसा सायन-पनवेल हाईवे पर एक अस्पताल के ठीक सामने हुआ. तेज रफ्तार बेस्ट बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई, जिससे वहां खड़े भास्कर रावसाहेब पांडे (65) गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें तुरंत नजदीकी राजावाड़ी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. यह भी पढ़े: Mumbai BEST Bus Accident: अंधेरी में बेकाबू बस ने 14 वाहनों को मारी टक्कर, दो लोग घायल; हादसे की जांच में जुटी पुलिस
मानखुर्द में बेकाबू बेस्ट बस ने बुजुर्ग को रौंदा
देखें VIDEO
पुलिस जांच में जुटी
हादसे में बस चालक बनवारी श्रीराम प्रसाद शर्मा (51) और कंडक्टर वैभव वाघमारे (41) को चोटें आई हैं. दोनों को राजावाड़ी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है. स्थानीय पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है.
बेस्ट बसों से हादसों की बढ़ती घटनाएं
मुंबई में पिछले कुछ दिनों के दौरान बेस्ट की बसों से जुड़ी दुर्घटनाओं की संख्या में बढ़ोतरी देखी गई है. इससे पहले 10 जुलाई को अंधेरी इलाके में एक बेस्ट बस ने नियंत्रण खोकर 14 वाहनों को टक्कर मार दी थी, जिसमें 8 लोग घायल हुए थे. वहीं, 8 जुलाई को भी भांडुप क्षेत्र में एक इलेक्ट्रिक बेस्ट बस के अनियंत्रित होने से कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए थे और एक व्यक्ति घायल हुआ था. लगातार हो रहे हादसों के बाद बसों के रखरखाव और ड्राइवरों की सुरक्षा मानकों पर सवाल उठ रहे हैं.