Mumbai Ship Tragedy: मुंबई के मनोरी तट पर फंसे जहाज में चोरी की कोशिश पड़ी भारी, जहरीली गैस से दम घुटने पर 4 युवकों की मौत
गोराई पुलिस ने इस मामले में आकस्मिक मृत्यु (ADR) दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की सटीक वजह स्पष्ट हो सकेगी.
Mumbai Ship Toxic Gas Incident: मुंबई के गोराई-मनोरी तट के पास महीनों से फंसे एक विदेशी मालवाहक जहाज में चोरी की कोशिश के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से चार युवकों की मौत हो गई. पुलिस के मुताबिक, सभी युवक जहाज से कबाड़ चोरी करने के इरादे से वहां पहुंचे थे. घटना बुधवार को सामने आई, जिसके बाद पुलिस और मर्चेंट नेवी की टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर जहाज से चारों शव बरामद किए.
प्रारंभिक जांच के अनुसार, दो-तीन दिन पहले आठ लोग स्पीडबोट के जरिए जहाज तक पहुंचे थे. इनमें से एक व्यक्ति नाव पर ही रुका, जबकि सात लोग जहाज पर चढ़ गए. बताया जा रहा है कि चार युवक जहाज के एक बंद हिस्से में गैस पाइपलाइन काटने के लिए गैस कटर का इस्तेमाल कर रहे थे. इसी दौरान जहरीली गैस का रिसाव हुआ, जिससे चारों का दम घुट गया और उनकी मौके पर ही मौत हो गई.
साथी की सूचना पर चला रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की जानकारी तब मिली जब उनके एक साथी ने गोराई पुलिस को सूचना दी कि चार लोग जहाज के अंदर फंस गए हैं. इसके बाद पुलिस ने मर्चेंट नेवी की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया और जहाज के भीतर से चारों शव बाहर निकाले. शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है. पुलिस के अनुसार, मृतकों की उम्र 30 वर्ष से कम है और उनकी पहचान की प्रक्रिया जारी है.
पहले भी दो बार हो चुकी थी चोरी
पुलिस का कहना है कि यह जहाज पिछले करीब चार महीने से गोराई-मनोरी तट के पास फंसा हुआ है और कबाड़ चोरों के निशाने पर था. प्रारंभिक जांच में पता चला है कि जहाज में पहले भी दो बार चोरी हो चुकी थी. पहली बार करीब 2.5 लाख रुपये और दूसरी बार करीब 5 लाख रुपये का सामान चोरी हुआ था.
जहाज मालिक पर भी मामला दर्ज
पुलिस ने जहाज के मालिक के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है, जो फिलहाल विदेश में है. साथ ही इस बात की भी जांच की जा रही है कि जहाज के फंसने से पहले कहीं उसका इस्तेमाल अवैध तेल कारोबार में तो नहीं किया जा रहा था. हालांकि अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
गोराई पुलिस ने इस मामले में आकस्मिक मृत्यु (ADR) दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की सटीक वजह स्पष्ट हो सकेगी.