Muharram Poisoning Plot Foiled in Mumbai: मुंबई में मुहर्रम जुलूस के दौरान लोगों जहर देने की साजिश नाकाम, 14,900 जहरीली कैप्सूल के साथ पुणे से एक आरोपी गिरफ्तार
मुंबई पुलिस ने मुहर्रम जुलूस के दौरान हजारों लोगों को जहर देने की एक बड़ी और खौफनाक साजिश को नाकाम कर दिया है. पुलिस ने पुणे के एक कारोबारी को 14,900 जहरीली कैप्सूल के साथ गिरफ्तार किया है, जिन्हें वह दर्द निवारक (पेनकिलर) बताकर लोगों में बांट रहा था.
Muharram Poisoning Plot Foiled in Mumbai: दक्षिण मुंबई में मुहर्रम के जुलूस के दौरान एक बड़ी त्रासदी को टालते हुए मुंबई पुलिस ने सामूहिक रूप से जहर देने की साजिश का भंडाफोड़ किया है. पुलिस ने इस मामले में पुणे के विमान नगर के रहने वाले एक पेंट कारोबारी को गिरफ्तार किया है. आरोपी की पहचान फैयाज प्रेमजी (39 वर्ष) के रूप में हुई है, जिसके पास से पुलिस ने चूहे मारने वाले अत्यधिक विषैले रसायन 'जिंक फॉस्फाइड' से भरी 14,900 कैप्सूल बरामद की हैं. पुलिस के अनुसार, आरोपी इन जहरीली कैप्सूलों को जुलूस में शामिल लोगों, विशेषकर मातम (self-flagellation) करने वालों को दर्द निवारक दवा बताकर बांट रहा था.
अस्पताल की सूचना पर पुलिस ने दबोचा
यह पूरी घटना भायखला और जेजे फ्लाईओवर के पास मुहर्रम के आशुरा जुलूस के दौरान शनिवार (27 जून 2026) तड़के सामने आई. सुबह करीब 4:00 बजे एक प्रतिभागी को यह कैप्सूल खाने के बाद गंभीर उल्टी और पेट में तेज ऐंठन की शिकायत हुई, जिसके बाद उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया. डॉक्टरों को मामला संदिग्ध लगने पर उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचित किया. मुस्तैदी दिखाते हुए पुलिस की गश्ती टीम ने रे रोड इलाके में रहमताबाद कब्रिस्तान के पास से आरोपी फैयाज प्रेमजी को रंगे हाथों दबोच लिया. यह भी पढ़े: Mumbai Shocker: मुंबई में युवक की शर्मनाक करतूत, 19 वर्षीय युवती को व्हाट्सऐप पर अश्लील वीडियो भेजकर यौन उत्पीड़न का आरोप, पुलिस ने किया गिरफ्तार; VIDEO
ऑनलाइन मंगाया था 50 किलो जहर
पूछताछ के दौरान आरोपी ने कबूल किया कि उसका इरादा जुलूस में शामिल लोगों को नुकसान पहुंचाना था. पुलिस उपायुक्त (DCP) जयंत मीना के अनुसार, फैयाज ने ऑनलाइन माध्यम से 30,000 खाली कैप्सूल और 50 किलोग्राम जिंक फॉस्फाइड पाउडर मंगवाया था. वह मुंबई के डोंगरी इलाके के एक गेस्ट हाउस और डॉर्मिटरी में ठहरा हुआ था, जहां उसने खुद अपने हाथों से हर कैप्सूल में लगभग एक ग्राम जहरीला पाउडर भरा. वह कुल 30,000 कैप्सूल तैयार करने की फिराक में था, लेकिन आधी साजिश के दौरान ही पुलिस ने उसे दबोच लिया.
आरोपी का बैकग्राउंड और संदिग्ध विदेश यात्राएं
जांच में सामने आया है कि आरोपी फैयाज प्रेमजी खुद शिया खोजा मुस्लिम समुदाय से ताल्लुक रखता है. वह बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (BBA) ग्रेजुएट है और पुणे में अपने पिता की पेंट कंपनी संभालता है. पुलिस को उसकी हालिया यात्राओं पर गहरा संदेह है. रिकॉर्ड्स के मुताबिक, फैयाज ने साल 2019 से 2025 के बीच कई बार ईरान और इराक की यात्रा की है, जिसमें पिछले एक साल के भीतर ही उसने 19 बार इन देशों का दौरा किया. वर्तमान में उसकी मां और बहन (जो फिजियोथेरेपिस्ट हैं) ईरान में ही रह रही हैं.
हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज, जांच जारी
मुंबई पुलिस ने फैयाज प्रेमजी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109, 110 और 123 के तहत जहर देने और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है. पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन, डिजिटल रिकॉर्ड और बैंक स्टेटमेंट जब्त कर लिए हैं. साइबर और फॉरेंसिक टीमें इस बात की गहनता से जांच कर रही हैं कि आरोपी ने इस खौफनाक साजिश को अकेले (lone wolf) अंजाम दिया है या वह किसी बड़े अंतरराष्ट्रीय या आतंकी नेटवर्क से जुड़ा हुआ था.