देश

MP: सरकारी अस्पताल में डिलीवरी के बाद 5 महिलाओं ने खोई याददाश्त, डॉक्टर भी नहीं समझ पा रहे वजह

मध्य प्रदेश के गांधी मेमोरियल हॉस्पिटल में सीजेरियन डिलीवरी के बाद पांच महिलाओं ने अचानक अपनी याददाश्त खो दी, जिससे डॉक्टर भी हैरान हैं. सभी महिलाओं को आईसीयू में भर्ती कर विशेषज्ञ डॉक्टर उनकी गहन जांच और इलाज में जुटे हैं. प्रशासन इस दुर्लभ मामले की जांच कर रहा है, जिसमें एनेस्थीसिया या दवाओं के दुष्प्रभाव की आशंका जताई जा रही है.

MP: सरकारी अस्पताल में डिलीवरी के बाद 5 महिलाओं ने खोई याददाश्त, डॉक्टर भी नहीं समझ पा रहे वजह

मध्य प्रदेश के विंध्य क्षेत्र के सबसे बड़े अस्पताल गांधी मेमोरियल हॉस्पिटल में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां शुक्रवार को सीजेरियन से प्रसव के बाद पांच महिलाओं ने अपनी याददाश्त खो दी. वे अपने करीबी परिजनों और परिवार के सदस्यों को भी नहीं पहचान पा रही हैं. इस घटना से अस्पताल के चिकित्सक भी स्तब्ध हैं. सभी प्रभावित महिलाओं को आईसीयू में भर्ती कर विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उनकी गहन जांच और इलाज में जुटी है.

कैसे हुआ मामला सामने?

गांधी मेमोरियल हॉस्पिटल के गायनी वार्ड में शुक्रवार को पांच महिलाओं का सीजेरियन ऑपरेशन किया गया था. ऑपरेशन के बाद उन्हें सामान्य वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया, लेकिन काफी समय तक वे होश में नहीं आईं. जब परिजनों ने यह देखा तो चिंता बढ़ गई. वार्ड में मौजूद डॉक्टरों से बातचीत के बाद कुछ देर में महिलाओं को होश आया, लेकिन वे अपने परिजनों को पहचानने में असमर्थ थीं. यह देखकर परिजन घबरा गए और हॉस्पिटल प्रबंधन को तुरंत सूचना दी. जैसे ही यह खबर फैली, अस्पताल में हड़कंप मच गया.

तत्काल जांच और इलाज शुरू

हॉस्पिटल अधीक्षक डॉ. राहुल मिश्रा ने डॉक्टरों की टीम के साथ गायनी वार्ड पहुंचकर महिलाओं की स्थिति का जायजा लिया. सभी पांच महिलाओं को एहतियातन आईसीयू में शिफ्ट किया गया, जहां अलग-अलग विशेषज्ञ डॉक्टर उनकी निगरानी कर रहे हैं. डॉ. मिश्रा ने बताया कि तीन महिलाओं की हालत अब स्थिर है, जबकि दो की स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है.

प्रभावित महिलाओं के परिजनों में चिंता के साथ-साथ नाराजगी भी है. ताहिद अली और अंबुज गुप्ता नामक परिजनों ने कहा, "हमारे मरीज ऑपरेशन के बाद से किसी को पहचान नहीं पा रहे हैं. डॉक्टर इलाज तो कर रहे हैं, लेकिन यह नहीं बता पा रहे कि वे कब तक ठीक होंगी." परिजनों का कहना है कि उन्होंने पहले कभी ऐसी स्थिति नहीं देखी.

दवाओं की जांच के साथ इलाज जारी

हॉस्पिटल अधीक्षक डॉ. राहुल मिश्रा ने बताया, "ऑपरेशन के बाद महिलाओं के याददाश्त खोने की समस्या सामने आई है. हम गहन जांच कर रहे हैं कि यह स्थिति किन कारणों से उत्पन्न हुई. ऑपरेशन में इस्तेमाल की गई दवाओं और उनके डोज की भी जांच की जा रही है. फिलहाल महिलाओं की हालत स्थिर है और उन्हें बेहतर इलाज दिया जा रहा है." उन्होंने आश्वासन दिया कि इस मामले की तह तक जाकर कारणों का पता लगाया जाएगा.

मेडिकल क्षेत्र में बना चर्चा का विषय

यह घटना न केवल अस्पताल बल्कि पूरे मेडिकल क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गई है. विशेषज्ञ यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि क्या यह समस्या एनेस्थीसिया या किसी अन्य दवा के दुष्प्रभाव से जुड़ी हो सकती है. प्रशासन ने भी इस मामले को गंभीरता से लिया है और जल्द ही स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद जताई जा रही है.

(The above story first appeared on LatestLY on Mar 01, 2025 02:01 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).