देश

केतन अग्रवाल मर्डर केस का मजाक उड़ाना पड़ा भारी: मध्य प्रदेश की महिला डेंटिस्ट डॉ. मुस्कान सोनी को AIDSA ने 5 साल के लिए किया सस्पेंड

पुणे के मशहूर केतन अग्रवाल हत्याकांड को लेकर इंस्टाग्राम पर असंवेदनशील टिप्पणी करने और हत्या को सही ठहराने के आरोप में 'ऑल इंडिया डेंटल स्टूडेंट्स एंड सर्जन्स एसोसिएशन' ने मध्य प्रदेश की कोषाध्यक्ष डॉ. मुस्कान सोनी की सदस्यता 5 साल के लिए रद्द कर दी है.

केतन अग्रवाल मर्डर केस का मजाक उड़ाना पड़ा भारी: मध्य प्रदेश की महिला डेंटिस्ट डॉ. मुस्कान सोनी को AIDSA ने 5 साल के लिए किया सस्पेंड
मुस्कान सोनी (Photo Credits: File Image)

महाराष्ट्र (Maharashtra) के पुणे (Pune) में हुए चर्चित रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल (Ketan Agarwal) हत्याकांड पर सोशल मीडिया पर असंवेदनशील और आपत्तिजनक टिप्पणी करना मध्य प्रदेश की एक महिला डेंटिस्ट को भारी पड़ गया है. 'ऑल इंडिया डेंटल स्टूडेंट्स एंड सर्जन्स एसोसिएशन' (AIDSA) ने कड़ा कदम उठाते हुए अपनी मध्य प्रदेश इकाई की कोषाध्यक्ष (ट्रेजरर) डॉ. मुस्कान सोनी को पद से बर्खास्त कर दिया है. इसके साथ ही संस्था ने उनकी प्राथमिक सदस्यता को भी अगले 5 साल (2031 तक) के लिए निलंबित कर दिया है. यह कार्रवाई डॉ. मुस्कान द्वारा इंस्टाग्राम पर पोस्ट किए गए एक वीडियो के बाद मचे भारी बवाल के कारण की गई है, जिसमें उन्होंने केतन की हत्या का मजाक उड़ाया था.

वीडियो में कहा था- "टक्कल छुपाने वाले पुरुष मर ही जाएं"

विवाद की शुरुआत तब हुई जब मूल रूप से जबलपुर की रहने वाली और वर्तमान में सतना में प्रैक्टिस कर रहीं डेंटिस्ट डॉ. मुस्कान सोनी ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो रील पोस्ट की। इस वीडियो में वह केतन अग्रवाल की हत्या के मामले पर बात कर रही थीं। मुख्य आरोपी सिया गोयल के बयानों का हवाला देते हुए उन्होंने हंसते हुए कहा, "पुणे वाले उस लड़के के सिर पर बाल नहीं थे। अगर तुम ऐसा झूठ बोलोगे, तो जाहिर है कि तुम मारे ही जाओगे। सो हैशटैग आई हेट मेन (#IHateMen)। दो पुरुष मर चुके हैं और पूरा समुदाय डरा हुआ है।"

इस वीडियो के सामने आते ही सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा भड़क गया. यूज़र्स ने एक डॉक्टर जैसे जिम्मेदार पेशे से जुड़े व्यक्ति द्वारा एक जघन्य हत्याकांड को सही ठहराने और पुरुषों के प्रति नफरत फैलाने (Misandry) पर तीखी आपत्ति जताई. विवाद बढ़ता देख डॉ. मुस्कान ने वीडियो डिलीट कर दिया और माफी मांगते हुए एक नया वीडियो जारी किया. हालांकि, उन्होंने अपने '#IHateMen' हैशटैग का बचाव करते हुए इसे अपने अतीत के बुरे अनुभवों से जोड़ा.

मुस्कान सोनी को AIDSA से 5 साल के लिए सस्पेंड किया गया

 

View this post on Instagram

 

A post shared by Aidsa India (@aidsa_india)

AIDSA ने जारी किया सख्त निलंबन आदेश

जनता के भारी आक्रोश और माफीनामे के बावजूद डॉक्टर्स की राष्ट्रीय संस्था AIDSA ने इसे बेहद गंभीरता से लिया. 29 जून 2026 को एसोसिएशन के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. दिवाकर मुदौतिया ने आधिकारिक निलंबन आदेश जारी किया.

संस्था ने अपने पत्र में स्पष्ट किया, "डॉ. मुस्कान सोनी को घोर अनुशासनहीनता का दोषी पाया गया है. दिवंगत केतन अग्रवाल की मौत को लेकर उनके द्वारा की गई टिप्पणी बेहद अनुचित, आक्रामक और अपमानजनक है, जो AIDSA के संविधान, आचार संहिता और नैतिक मूल्यों के खिलाफ है. कोई भी पदाधिकारी या सदस्य हिंसा को सही ठहराने, उसका महिमामंडन करने या किसी मृत व्यक्ति का अनादर करने वाले बयान नहीं दे सकता." निलंबन अवधि के दौरान डॉ. मुस्कान एसोसिएशन के किसी कार्यक्रम, बैठक या आधिकारिक गतिविधि का हिस्सा नहीं बन सकेंगी.

केतन अग्रवाल मर्डर केस पर मुस्कान सोनी का वायरल वीडियो

क्या है केतन अग्रवाल मर्डर केस?

यह पूरा विवाद 18 जून को पुणे के लोहागढ़ किले में हुई 25 वर्षीय केतन अग्रवाल की हत्या से जुड़ा है. शुरुआत में पुलिस इसे पैर फिसलने के कारण हुआ हादसा मान रही थी, लेकिन तकनीकी जांच और सीसीटीवी फुटेज के बाद खुलासा हुआ कि केतन की मंगेतर सिया गोयल ने अपने प्रेमी चेतन चौधरी के साथ मिलकर उसे खाई में धकेला था.

गिरफ्तारी के बाद सिया ने पुलिस के सामने दावा किया था कि केतन के सिर पर बाल कम थे और वह विग (Wig) लगाता था, जिससे वह खुश नहीं थी. हालांकि, केतन के परिवार ने साफ किया था कि मेडिकल कंडीशन के कारण बाल कम होने और विग के इस्तेमाल की बात सगाई से पहले ही पारदर्शी तरीके से लड़की वालों को बता दी गई थी. असल में सिया अपनी अमीर मंगेतर की हैसियत खोए बिना और परिवार की बदनामी से बचते हुए केतन को रास्ते से हटाना चाहती थी.

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 01, 2026 05:30 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).