यूपी: ICU में महिला से गैंगरेप, तीन आरोपी गिरफ्तार
महिला का आरोप है कि अस्पताल के तीन कर्मचारियों ने उसे नशीला इंजेक्शन देकर सामूहिक दुष्कर्म किया। पुलिस ने मामले में तुरंत कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।
मेरठ. उत्तर प्रदेश के मेरठ शहर में मेडिकल थानाक्षेत्र के अंतर्गत आने वाले एक निजी अस्पताल में भर्ती महिला मरीज से सामूहिक बलात्कार की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। महिला का आरोप है कि अस्पताल के तीन कर्मचारियों ने उसे नशीला इंजेक्शन देकर सामूहिक दुष्कर्म किया। पुलिस ने मामले में तुरंत कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।
मेडिकल थाना पुलिस के अनुसार पीड़ित महिला पिछले काफी समय से बीमार चल रही थी और 21 मार्च से अस्पताल में भर्ती थी। वह पेट में संक्रमण एवं यकृत की बीमारी से पीड़ित थी। उन्होंने बताया कि महिला का आरोप है शनिवार रात अस्पताल कर्मचारियों ने महिला के परिजन को घर भेज दिया जिसके बाद वार्ड ब्वॉय समेत अस्पताल के तीन कर्मचारियों ने महिला को नशीला इंजेक्शन लगा दिया। अर्धबेहोशी की हालत में महिला से तीनों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। महिला ने होश आने पर अपने परिवार को घटना की जानकारी दी जिसके बाद परिजन ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
मेडिकल पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटना की जानकारी मिलते ही एसपी सिटी, एसडीएम एवं थाना प्रभारी अस्पताल पहुंचे और अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले। वहीं अस्पताल के मालिक डा. अशोक मलिक से भी पुलिस ने पूछताछ की। क्षेत्राधिकारी संजीव देशवाल ने बताया कि महिला से सामूहिक बलात्कार का मामला सामने आया है जिसकी जांच मेडिकल पुलिस कर रही है। इस मामले में तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है।
(The above story first appeared on LatestLY on Mar 25, 2019 08:35 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

