देशभर में गर्मी का कहर: राजस्थान के चुरू में तापमान 50 डिग्री पार, दुनिया के सबसे गर्म शहरों में भारत के 10 शहर
सोमवार को राजस्थान के चुरू का तापमान सबसे ज्यादा 50.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. पिछले 24 घंटे में भारत के 10 शहर दुनिया के सबसे गर्म शहरों में शामिल हो गए यानी पिछले 24 घंटे में दुनिया के 15 सबसे गर्म शहरों में से 10 शहर भारत के शामिल रहे.
राजधानी दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में भीषण गर्मी का कहर जारी है. सोमवार को राजस्थान के चुरू का तापमान सबसे ज्यादा 50.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. पिछले 24 घंटे में भारत के 10 शहर दुनिया के सबसे गर्म शहरों में शामिल हो गए यानी पिछले 24 घंटे में दुनिया के 15 सबसे गर्म शहरों में से 10 शहर भारत के शामिल रहे. इस सूची में राजस्थान का चुरू सबसे शीर्ष पर रहा. इसके बाद 48.8 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ गंगानगर दूसरे स्थान पर और 48.4 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ बीकानेर तीसरे स्थान पर रहा.
मौसम विभाग के मुताबिक राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सोमवार को अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस रहा. मौसम विभाग ने महाराष्ट्र के विदर्भ और मराठावाड़ा में अगले एक हफ्ते तक भयंकर लू का प्रकोप जारी रहने का पूर्वानुमान जताया जा रहा है. इन इलाकों में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस को भी पार कर सकता है.
इसके अलावा दिल्ली, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़ समेत भारत के अन्य राज्यों में भी गर्मी का प्रकोप जारी है. सोमवार को राजस्थान के फलोदी का तापमान 48.2 डिग्री सेल्सियस, जैसलमेर का तापमान 47.8 डिग्री सेल्सियस, नौगांव का तापमान 47.7 डिग्री सेल्सियस, नारनौल का तापमान 47.6 डिग्री सेल्सियस, कोटा और पिलानी का तापमान 47.5 डिग्री सेल्सियस व बाड़मेर का तापमान 47.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. भारत के सबसे गर्म 10 शहरों में से 8 सिर्फ राजस्थान में ही हैं. राजस्थान में गर्मी का सितम यह है कि यहां सुबह 9 बजे से लू चलने लग जाती है.
गर्मी के कहर को देखते हुए मौसम विभाग ने राजस्थान और विदर्भ में रेड अलर्ट जारी कर दिया गया है. वहीं पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, दिल्ली और मध्य प्रदेश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. वहीं मौसम विभाग के अनुसार इस बार मॉनसून भी देरी से दस्तक देगा. मौसम विभाग का कहना है कि इस बार मॉनसून 6 जून को केरल पहुंचेगा.
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 04, 2019 11:37 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

