बीजेपी विधायक राजू तोडसाम के बर्थडे पार्टी में मचा बवाल, पत्नी ने की धुनाई
महाराष्ट्र स्थित यवतमाल जिले के विधायक राजू तोडसाम को अपना जन्मदिन मनाना काफी महंगा पड़ गया. जन्मदिन समारोह में विधायक की पत्नी और विधायक की महिला मित्र का एक दूसरे से न केवल आमना सामना हो गया बल्कि दोनों सरेआम बुरी तरह झगड़ पड़ीं.
यवतमाल: महाराष्ट्र (Maharashtra) स्थित यवतमाल जिले के विधायक राजू तोडसाम (Raju Todsham) को अपना जन्मदिन मनाना काफी महंगा पड़ गया. जन्मदिन समारोह में विधायक की पत्नी और विधायक की महिला मित्र का एक दूसरे से न केवल आमना सामना हो गया बल्कि दोनों सरेआम बुरी तरह झगड़ पड़ीं. पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि घटना के दौरान कुछ लोगों ने विधायक के साथ भी हाथापाई की.
यह घटना मंगलवार रात को पंढारकाबाड़ा में हुई जो विधायक राजू तोडसाम के निर्वाचन क्षेत्र आर्णी में आता है. यह कार्यक्रम विधायक के जन्मदिन के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया था. विधायक के करीबी सूत्रों ने बताया कि तोडसाम की पत्नी प्राथमिक स्कूल में शिक्षिका हैं और उनके दो बच्चे हैं. विधायक फिलहाल बीजेपी की एक महिला कार्यकर्ता के साथ रह रहे हैं लेकिन उन्होंने अपनी पत्नी से तलाक नहीं लिया है.
विधायक के समर्थकों ने मंगलवार को उनके जन्मदिन के मौके पर पंढारकाबाड़ा में एक कबड्डी टूर्नामेंट का आयोजन कराया था, जहां दोनों महिलाओं का आमना-सामना हो गया. सूत्रों ने बताया कि टूर्नामेंट का उद्घाटन करने के बाद, तोडसाम ने केक काटा. इसके बाद उनकी पत्नी और महिला मित्र में बहस हो गई जो जल्द ही हाथापाई में बदल गई.
सूत्रों ने बताया कि तोडसाम ने जब महिलाओं को शांत कराने की कोशिश की तो कुछ लोगों ने उनके साथ भी हाथापाई की. इसके बाद वहां मौजूद पुलिसकर्मियों को विधायक को बचाने के लिए लाठीचार्ज करना पड़ा. उन्होंने बताया कि तोडसाम की महिला मित्र को मामूली चोटें आई हैं और उन्हें एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
बहरहाल, पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि अब तक दोनों महिलाओं में से किसी के भी खिलाफ प्राथमिकी या शिकायत दर्ज नहीं की गई है. तोडसाम या किसी स्थानीय बीजेपी पदाधिकारी से इस बारे में प्रतिक्रिया जानने के लिए संपर्क संभव नहीं हो सका.
(The above story first appeared on LatestLY on Feb 13, 2019 11:05 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

