Maharashtra: अहिल्यानगर में तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी को मारी टक्कर, बंपर पकड़कर युवती ने बचाई जान; देखें VIDEO

महाराष्ट्र के अहिल्यानगर (श्रीरामपुर) जिले के बेलापुर रोड पर एक तेज रफ्तार रेत से भरे ट्रक ने स्कूटी सवार युवती को टक्कर मार दी. युवती ने गजब की सूझबूझ दिखाते हुए ट्रक का बंपर पकड़कर अपनी जान बचाई. इस रूह कंपा देने वाली घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: IANS)

महाराष्ट्र के अहिल्यानगर (पूर्ववर्ती अहमदनगर) जिले के श्रीरामपुर शहर से एक रोंगटे खड़े कर देने वाला सड़क हादसे का मामला सामने आया है. बेलापुर रोड पर बालू (रेत) से भरे एक बेलगाम और तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से आ रही स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी. इस भीषण टक्कर के बाद भी जब ट्रक नहीं रुका, तो युवती ने असाधारण सूझबूझ का परिचय देते हुए ट्रक का अगला बंपर मजबूती से थाम लिया, जिससे वह भारी टायरों के नीचे आने से बाल-बाल बच गई. इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

कैसे हुआ हादसा? सामने आया खौफनाक CCTV फुटेज

सामने आए सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, बेलापुर रोड पर एक मोड़ के पास रेत से भरा भारी-भरकम ट्रक तेज गति से गुजर रहा था. उसी दौरान सामने से अपनी स्कूटी पर सवार होकर आ रही एक युवती इस ट्रक की चपेट में आ गई.

 ट्रक ने स्कूटी को मारी टक्कर

टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी सड़क पर गिर गई और युवती सीधे ट्रक के अगले हिस्से के सामने आ गई. चूंकि चालक ने तुरंत ब्रेक नहीं लगाया था, इसलिए युवती के कुचले जाने का गंभीर खतरा पैदा हो गया था. ऐसे जानलेवा और पलों में घबराने के बजाय युवती ने तुरंत छलांग लगाते हुए ट्रक का अगला बंपर पकड़ लिया और लटक गई. चमत्कारिक रूप से इस फुर्ती के कारण उसकी जान सुरक्षित बच गई.

मदद करने के बजाय बहस करने लगा चालक

हादसे के बाद किसी तरह खुद को संभालते हुए युवती सुरक्षित नीचे उतरी और अपनी गिरी हुई स्कूटी को किनारे हटाने का प्रयास करने लगी. लेकिन मानवीय संवेदनाओं को ताक पर रखते हुए ट्रक चालक ने अपनी गलती मानने या घायल युवती की मदद करने के बजाय वाहन से नीचे उतरकर उसी से तीखी बहस और बदसलूकी शुरू कर दी.

घटनास्थल पर धीरे-धीरे लोगों की भीड़ जुटने लगी, जिसे देखकर चालक मौके से फरार हो गया. सोशल मीडिया पर यह वीडियो सामने आने के बाद लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है, और भारी वाहनों की तेज रफ्तार तथा लापरवाह ड्राइविंग पर सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है. स्थानीय पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Share Now