देश

Madhya Pradesh: मध्य प्रदेश में आकाशीय बिजली गिरने से 9 की मौत

मध्य प्रदेश के देवास और आगर मालवा जिले में तेज बारिश के बीच गिरी आकाशीय बिजली लोगांे के लिए मुसीबत बनकर आई. दोनों स्थानों पर हुए हादसों में नौ लोगों की जान चली गई. छह की देवास व तीन की आगर मालवा में मौत हुई है.

Madhya Pradesh: मध्य प्रदेश में आकाशीय बिजली गिरने से 9 की मौत
आकाशीय बिजली (Photo Credits: Pixabay)

भोपाल, 28 सितम्बर : मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के देवास और आगर मालवा जिले में तेज बारिश के बीच गिरी आकाशीय बिजली लोगांे के लिए मुसीबत बनकर आई. दोनों स्थानों पर हुए हादसों में नौ लोगों की जान चली गई. छह की देवास व तीन की आगर मालवा में मौत हुई है. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और कांग्रेस के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अरुण यादव ने इन हादसों पर दुख व्यक्त किया है. आधिकारिक तौर पर मिली जानकारी के अनुसार, देवास जिले में सोमवार को आकाशीय बिजली गिरने से टोंकखुर्द, खल, गगनखेड़ा तथा बामनीबुजुर्ग में बिजली गिरने से छह लोगों की मौत हुई है.

हादसों में जिन लोगों की मृत्यु हुई है, उन्हें कलेक्टर चंद्रमौली शुक्ला ने तत्काल मध्यप्रदेश शासन राजस्व विभाग (राहत शाखा) राजस्व पुस्तक परिपत्र 6-4 के तहत जनहानि पर परिजनों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की है. वहीं बामिनीबुजुर्ग निवासी दीपा, सावित्री को घायल होने पर इंदौर रेफर किया गया है. पशु हानि होने पर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है.इसी तरह आगर -मालवा में भी बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत हुई है. जिले के मनासा, पिलवास और लसुलड़िया केलवा में बिजली गिरने की घटनाएं हुई हैं. यह भी पढ़ें : UP में आइएएस अफसर के वायरल वीडियो की जांच करेगी एसआईटी, सात दिन में सौंपेगी रिपोर्ट

मुख्यमंत्री चौहान ने देवास एवं आगर मालवा जिलों में आकाशीय बिजली गिरने से नागरिकों की मृत्यु पर दु:ख व्यक्त किया है और दोनों जिलों के जिला प्रशासन को प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए निर्देश दिए हैं. कांग्रेस के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अरुण यादव ने इन हादसों पर दुख व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को शांति देने के साथ ही तीन गम्भीर घायल हुए लोगों के स्वास्थ्य लाभ की कामना की है.

(The above story first appeared on LatestLY on Sep 28, 2021 01:54 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).