लोकसभा चुनाव 2019: स्मृति ईरानी ने कांग्रेस पर साधा निशाना, अमेठी में फूड पार्क परियोजना न बनने के लिए ठहराया दोषी
केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने नरेन्द्र मोदी सरकार द्वारा अमेठी से मेगा फूड पार्क परियोजना छीने जाने के कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के आरोप पर पलटवार करते हुए कहा है कि इसके लिए केन्द्र की तत्कालीन कांग्रेस सरकार ही दोषी है...
केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने नरेन्द्र मोदी सरकार द्वारा अमेठी से मेगा फूड पार्क परियोजना छीने जाने के कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के आरोप पर पलटवार करते हुए कहा है कि इसके लिए केन्द्र की तत्कालीन कांग्रेस सरकार ही दोषी है. भाजपा प्रत्याशी के रूप में अमेठी से राहुल के खिलाफ चुनाव लड़ रही स्मृति ने रविवार को संवाददाताओं से कहा कि अमेठी में जिस मेगा फूड पार्क की बात राहुल करते हैं उसे गैस देने से तत्कालीन मनमोहन सिंह सरकार ने लिखित में मना कर दिया था. उन्होंने कहा ‘‘उस पत्र को हमने बहुत पहले ही देश के सामने रख दिया था. राहुल झूठ बोलकर अमेठी की जनता को गुमराह कर रहे हैं.’’
मालूम हो कि राहुल अमेठी में अपने कार्यक्रम के दौरान अक्सर मोदी सरकार पर मेगा फूड पार्क परियोजना को छीनने का आरोप लगाते हैं. स्मृति ने राहुल पर हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष किसानों के हितों की बात करते हैं जबकि कारखाना लगाने के नाम पर किसानों से ली गई जमीन राहुल ने हड़प ली है. अदालत का आदेश होने के तीन साल बाद भी राहुल ने किसानों को जमीन नहीं लौटाई है.
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 28, 2019 02:47 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

