UPI और PayNow का लिंकेज भारत-सिंगापुर संबंधों में एक नया मील: PM मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि भारत के यूनिफाइड पेमेंट इंटरफेस (यूपीआई) और सिंगापुर की ‘पे नाउ’ प्रणाली के बीच संपर्क सुविधा की शुरुआत दोनों देशों के संबंधों के लिए एक नया मील का पत्थर है.
नई दिल्ली, 21 फरवरी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने मंगलवार को कहा कि भारत के यूनिफाइड पेमेंट इंटरफेस (यूपीआई) और सिंगापुर की ‘पे नाउ’ प्रणाली के बीच संपर्क सुविधा की शुरुआत दोनों देशों के संबंधों के लिए एक नया मील का पत्थर है. उन्होंने यूपीआई को भारत की सबसे पसंदीदा भुगतान प्रणाली बताया और विशेषज्ञों का हवाला देते हुए कहा कि यह जल्द ही नकद लेनदेन को पीछे छोड़ देगी. PM मोदी बोले- भारत दुनिया के लिए ब्राइट स्पॉट है तो यूपी ड्राइविंग सीट पर.
मोदी ने सिंगापुर के अपने समकक्ष ली सियन लूंग की मौजूदगी में ‘यूपीआई’ और सिंगापुर की ‘पे नाऊ’ प्रणाली के बीच संपर्क सुविधा की शुरुआत के मौके पर यह बात कही. भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर शक्तिकांत दास और सिंगापुर मौद्रिक प्राधिकरण के प्रबंध निदेशक रवि मेनन ने इस सुविधा को शुरू किया.
मोदी ने कहा, ‘‘आज हुई इस शुरुआत ने ‘क्रॉस बॉर्डर फिनटेक कनेक्टिविटी’ के एक नए अध्याय का शुभारंभ किया है. आज के बाद सिंगापुर और भारत के लोग अपने मोबाइल फोन से उसी प्रकार पैसे का हस्तांतरण कर पाएंगे जैसे वे अपने-अपने देशों में करते हैं.’’
उन्होंने कहा कि इस सुविधा से प्रवासी भारतीयों, छात्रों, पेशेवरों और उनके परिवारों को विशेष रूप से लाभ होगा. प्रधानमंत्री ने कहा कि वर्ष 2022 में यूपीआई के जरिए 12,6,000 अरब रूपये से अधिक के 74 अरब लेनदेन हुए हैं. उन्होंने कहा, ‘‘यूपीआई के जरिए इतनी अधिक संख्या में होने वाला लेनदेन यह दिखाता है कि स्वदेशी स्तर पर तैयार यह भुगतान प्रणाली बहुत सुरक्षित है.’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Feb 21, 2023 12:02 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

