Landslides Shut Mumbai-Pune Highway: महाराष्ट्र में जारी मूसलाधार बारिश के चलते मुंबई और पुणे के बीच का संपर्क पूरी तरह कट गया है. सोमवार, 6 जुलाई 2026 की सुबह भोर घाट (खंडाला घाट) सेक्शन में कई जगहों पर हुए बड़े लैंडस्लाइड (भूस्खलन) के बाद मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे (Mumbai-Pune Expressway), पुराना मुंबई-पुणे हाईवे और सेंट्रल रेलवे की तीनों लाइनें पूरी तरह बंद कर दी गई हैं. इसके अलावा कर्जत और खोपोली के बीच रेल पटरियों के नीचे की गिट्टी बह जाने (बैलस्ट वॉशआउट) के कारण इस रूट पर भी ट्रेनों का परिचालन अस्थायी रूप से रोक दिया गया है.
एक्सप्रेसवे की 'मिसिंग लिंक' टनल के पास लैंडस्लाइड
सड़क यातायात की बात करें तो नवनिर्मित 13 किलोमीटर लंबे 'मिसिंग लिंक' प्रोजेक्ट के टनल नंबर 2 के एग्जिट (निकास) के पास सुबह करीब 3.30 से 4.00 बजे के बीच भारी भूस्खलन हुआ. इसके कारण सड़क पर भारी मात्रा में मलबा और चट्टानें आ गिरी हैं. यह भी पढ़े: Mumbai-Thane School Holiday: भारी बारिश के बीच मुंबई, ठाणे, पालघर समेत आसपास के जिलों में आज स्कूल-कॉलेज रहेंगे बंद; आदेश जारी
महाराष्ट्र राज्य सड़क विकास निगम (MSRDC) और हाईवे ट्रैफिक पुलिस ने सुरक्षा के लिहाज से दोनों दिशाओं (मुंबई से पुणे और पुणे से मुंबई) के यातायात को अगले आदेश तक पूरी तरह बंद कर दिया है. खंडाला घाट और खालापूर टोल प्लाजा के पास भारी जलभराव के कारण स्थिति और गंभीर हो गई है.
खंडाला घाट में रेल पटरियों पर गिरा मलबा, कई ट्रेनें रद्द
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, कर्जत और लोनावला के बीच ठाकुरवाड़ी, खंडाला और मंकी हिल के पास तड़के करीब 3.05 बजे लैंडस्लाइड हुआ. मलबे की चपेट में आने से अप, डाउन और मिडिल यानी तीनों रेलवे लाइनें ब्लॉक हो गई हैं.
इस व्यवधान के कारण मध्य रेलवे (Central Railway) ने मुंबई और पुणे के बीच चलने वाली प्रमुख ट्रेनों को रद्द या डायवर्ट कर दिया है. रद्द होने वाली ट्रेनों में मुख्य रूप से डेक्कन क्वीन (Deccan Queen), सिंहगढ़ एक्सप्रेस, इंद्रायणी एक्सप्रेस, इंटरसिटी एक्सप्रेस और प्रगाति एक्सप्रेस शामिल हैं. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने स्थिति की समीक्षा करते हुए सेंट्रल और वेस्टर्न रेलवे की टीमों को मिलकर जल्द से जल्द ट्रैक साफ करने के निर्देश दिए हैं.
मदद के लिए रेलवे ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर
यात्रियों की सुविधा और रियल-टाइम अपडेट के लिए रेलवे ने प्रमुख स्टेशनों पर हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं:
-
CSMT: 022-22694040
-
ठाणे: 9321336747
-
लोनावला: 8356854238
-
दादर: 9136452387
मावल में हादसा और मुंबई में इमारत गिरी
भारी बारिश का असर रिहायशी इलाकों पर भी पड़ा है. पुणे जिले के मावल तालुका के पाटन गांव में सुबह एक रिहायशी ढांचे पर भूस्खलन का मलबा गिर गया. मलबे में एक ही परिवार के कुछ सदस्यों के दबे होने की आशंका है, जिसके बाद एनडीआरएफ (NDRF) की 30 सदस्यीय टीम को खोज और बचाव अभियान के लिए मौके पर भेजा गया है.
दूसरी ओर, मुंबई के मानखुर्द इलाके में रविवार रात भारी बारिश के बीच एक तीन मंजिला चाल का हिस्सा झुग्गियों पर गिर गया. इस हादसे में चार बच्चों समेत 6 लोगों की मौत हो गई है.
मौसम विभाग का रेड और ऑरेंज अलर्ट
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने सोमवार के लिए पुणे में अत्यंत भारी बारिश का 'रेड अलर्ट' और मुंबई के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है. तटीय इलाकों में 72 से 75 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है.
खराब मौसम और सुरक्षा चिंताओं को देखते हुए मुंबई, पुणे, ठाणे और पालघर के स्थानीय प्रशासनों ने आज सभी स्कूल और कॉलेजों में छुट्टी घोषित कर दी है. अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि वे बेहद जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकलें और मुंबई-पुणे के बीच की यात्रा को फिलहाल टाल दें.













QuickLY