देश

Lalu Prasad on Nitish Kumar: लालू प्रसाद ने कानून-व्यवस्था को लेकर नीतीश कुमार पर उठाए सवाल, बोले- 'हो गया अंतिम संस्कार'

राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव ने मंगलवार को कानून-व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधा. उन्होंने इस संबंध में अपने सोशल मीडिया एक्स हैंडल पर पोस्ट किया.

Lalu Prasad on Nitish Kumar: लालू प्रसाद ने कानून-व्यवस्था को लेकर नीतीश कुमार पर उठाए सवाल, बोले- 'हो गया अंतिम संस्कार'
Photo- X/@laluprasadrjd

पटना, 10 जून : राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव ने मंगलवार को कानून-व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधा. उन्होंने इस संबंध में अपने सोशल मीडिया एक्स हैंडल पर पोस्ट किया. इसमें उन्होंने बिहार के अपराध से संबंधित कई आंकड़े पेश कर नीतीश कुमार के शासनकाल में प्रदेश की बिगड़ी कानून व्यवस्था की स्थिति का उल्लेख किया. लालू प्रसाद यादव ने अपने पोस्ट में कहा, “नीतीश बताएं कि शाम पांच बजे से पहले घर में घुसकर ही कितनी हत्याएं हो रही हैं?” उन्होंने अपने पोस्ट में आगे कहा, “क्या नीतीश जानते, पहचानते और समझते हैं कि उनके शासनकाल में आधिकारिक आंकड़ों में 65,000 हत्याएं हुई हैं? 65,000 लोगों की हत्याएं हुई हैं 65,000!”

राजद प्रमुख ने कहा, “नीतीश-बीजेपी ने विधि व्यवस्था का दम ही नहीं निकाला, बल्कि उसका अंतिम संस्कार भी कर दिया है. बिहार में इतनी भ्रष्ट, लापरवाह और कामचोर पुलिस कभी भी, कभी भी नहीं रही.” इससे पहले सात जून को भी उन्होंने अपने सोशल मीडिया एक्स हैंडल पर पोस्ट कर नीतीश कुमार के शासनकाल में कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए थे. उन्होंने अपने पोस्ट में कहा, “बेलगाम अपराधी, मदमस्त अफसरशाही और बेहोश सरकार रिकॉर्ड तोड़ महंगाई, गरीबी, बेरोजगारी, पलायन और भ्रष्टाचार. बिहार का बंटाधार करने वाली यह है 20 वर्षों की एनडीए सरकार!” यह भी पढ़ें : रक्षा उत्पादन में आधुनिकीकरण और आत्मनिर्भरता पर जोर: प्रधानमंत्री मोदी

बता दें कि बिहार विधानसभा चुनाव से पहले सत्तारूढ़ और विपक्षी दलों के बीच वार-पलटवार का सिलसिला तेज हो चुका है. इससे पहले बिहार के उप-मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पांच जून को राष्ट्रीय जनता दल और गांधी परिवार पर जमकर निशाना साधा था. उन्होंने पटना में पत्रकारों से बातचीत में कहा था, “इन दोनों में बहुत ज्यादा अंतर नहीं है. एक ने देश को लूटा, तो दूसरे ने बिहार को लूटा. तेजस्वी यादव ने क्या बदला? वो क्या थे? उन्होंने किया क्या? वह बेचारे कुछ नहीं थे अपने डिपार्टमेंट में तो लालू यादव का परिवार सिर्फ घोटाला करता रहा. इससे ज्यादा कुछ नहीं किया.”

(The above story first appeared on LatestLY on Jun 10, 2025 11:14 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).