Ladli Behna Yojana: मध्य प्रदेश में आज लाड़ली बहनों के खाते में आएगी 39वीं किस्त, CM मोहन यादव करेंगे जारी; रक्षाबंधन को लेकर ₹250 की अतिरिक्त राशि भी मिलेगी
महिलाओं को आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनाने और परिवार के निर्णयों में उनकी भूमिका को मजबूत करने के उद्देश्य से जून 2023 में इस योजना की शुरुआत की गई थी. शुरुआत से लेकर अब तक 39 किस्तों के माध्यम से राज्य सरकार लाभार्थी महिलाओं के खातों में कुल ₹63,248 करोड़ से अधिक की राशि भेज चुकी है.
Ladli Behna Yojana 39th Instalment Update: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 19 अगस्त को राज्य की 1.25 करोड़ से अधिक पात्र महिलाओं के खातों में "मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना" की 39वीं किस्त हस्तांतरित करेंगे. मैहर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम के दौरान कुल 2,148 करोड़ रुपये से अधिक की राशि डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से ट्रांसफर की जाएगी. रक्षाबंधन त्यौहार से ठीक पहले मिल रही इस वित्तीय सहायता से लाभार्थियों में उत्साह का माहौल है.
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट साझा करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने लिखा, "आज मैहर से 'लाड़ली बहना योजना' की 39वीं किस्त पात्र बहनों के खातों में अंतरित करूंगा. साथ ही, रक्षाबंधन के शगुन स्वरूप ₹250 की अतिरिक्त राशि भी बहनों के खातों में भेजी जाएगी."
मोहन यादव का पोस्ट
रक्षाबंधन पर मिला ₹250 का विशेष उपहार
इस बार रक्षाबंधन के पर्व को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने लाड़ली बहना योजना के तहत दिए जाने वाले लाभ में बढ़ोतरी की है. इस किस्त चक्र में प्रत्येक लाभार्थी महिला को कुल ₹1,750 की राशि प्राप्त होगी.
इस वित्तीय हस्तांतरण को दो भागों में विभाजित किया गया है:
-
नियमित मासिक सहायता: ₹1,500 प्रति लाभार्थी (कुल आवंटन: ₹1,835.46 करोड़).
-
विशेष रक्षाबंधन शगुन: ₹250 प्रति लाभार्थी (कुल आवंटन: ₹312.83 करोड़).
मैहर जिले को मिलेगी ₹256 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात
मैहर में आयोजित इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री क्षेत्रीय बुनियादी ढांचे के विकास को भी प्राथमिकता देंगे. इस अवसर पर वे मैहर जिले के लिए लगभग 256 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे.
योजना की पृष्ठभूमि और दीर्घकालिक बजटीय प्रतिबद्धता
महिलाओं को आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनाने और परिवार के निर्णयों में उनकी भूमिका को मजबूत करने के उद्देश्य से जून 2023 में इस योजना की शुरुआत की गई थी. शुरुआत से लेकर अब तक 39 किस्तों के माध्यम से राज्य सरकार लाभार्थी महिलाओं के खातों में कुल ₹63,248 करोड़ से अधिक की राशि भेज चुकी है.
योजना को भविष्य में भी सुचारू रूप से चलाने के लिए मध्य प्रदेश कैबिनेट ने वित्तीय वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक के लिए ₹1,14,365 करोड़ के बजट को मंजूरी दी है. केवल मौजूदा वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए सरकार ने ₹23,882.81 करोड़ का प्रावधान किया है.
लाभार्थियों के लिए जरूरी निर्देश
राज्य सरकार के अधिकारियों ने सभी लाभार्थियों से अपील की है कि वे अपने बैंक खातों को आधार कार्ड से लिंक कराएं और यह सुनिश्चित करें कि खाता डीबीटी-सक्षम हो. इससे तकनीकी बाधाओं के कारण भुगतान अटकने का खतरा नहीं रहेगा. महिलाएं अपनी भुगतान स्थिति की जांच करने के लिए लाड़ली बहना योजना पोर्टल पर जाकर "आवेदन एवं भुगतान की स्थिति" विकल्प का उपयोग कर सकती हैं.