Ketan Agarwal Murder Case: 33 डिग्री गर्मी में पहनी गई हूडी ने खोला कत्ल का राज, ऐसे सुलझी कारोबारी के बेटे की हत्या की गुत्थी

मामला 18 जून का है, जब केतन अग्रवाल की लोहागढ़ किले पर ट्रेकिंग के दौरान खाई में गिरने से मौत हो गई थी. शुरुआत में इसे हादसा माना गया, लेकिन जांच के दौरान पुलिस को इलाके के सीसीटीवी फुटेज मिले. फुटेज में केतन अपनी मंगेतर सिया गोयल के साथ चलते दिखाई दे रहे थे, जबकि एक युवक कुछ दूरी पर उनका पीछा कर रहा था. युवक ने हूडी से अपना चेहरा ढका हुआ था और हेडसेट भी पहन रखा था.

Ketan Agarwal Murder Case: महाराष्ट्र के पुणे के पास स्थित लोहागढ़ किले पर ट्रेकिंग के दौरान हुई एक कथित दुर्घटना ने पुलिस जांच में ऐसा मोड़ लिया कि मामला हत्या की साजिश में बदल गया. शुरुआत में कारोबारी के बेटे केतन अग्रवाल की मौत को खाई में गिरने से हुई दुर्घटना माना गया था, लेकिन सीसीटीवी फुटेज में दिखी एक छोटी सी बात ने पूरी कहानी बदल दी. पुलिस के मुताबिक, 33 डिग्री सेल्सियस की गर्मी में एक युवक का हूडी पहनकर ट्रेकिंग करना जांच का सबसे अहम सुराग साबित हुआ. Ketan Agarwal Murder Case: ट्रैकर केतन अग्रवाल की मौत हादसा नहीं मर्डर, मंगेतर Siya Goyal और उसके प्रेमी Chetan Chaudhary ने 400 फीट गहरी खाई में धकेला; पिता ने लगाए गंभीर आरोप

मामला 18 जून का है, जब केतन अग्रवाल की लोहागढ़ किले पर ट्रेकिंग के दौरान खाई में गिरने से मौत हो गई थी. शुरुआत में इसे हादसा माना गया, लेकिन जांच के दौरान पुलिस को इलाके के सीसीटीवी फुटेज मिले. फुटेज में केतन अपनी मंगेतर सिया गोयल के साथ चलते दिखाई दे रहे थे, जबकि एक युवक कुछ दूरी पर उनका पीछा कर रहा था. युवक ने हूडी से अपना चेहरा ढका हुआ था और हेडसेट भी पहन रखा था.

हूडी पहनने वाले युवक ने बढ़ाया पुलिस का शक

एक अन्य सीसीटीवी वीडियो में सिया गोयल अचानक पीछे मुड़कर हूडी पहने युवक की तरफ देखती नजर आई. इसके तुरंत बाद वह युवक नीचे बैठ गया, मानो खुद को छिपाने की कोशिश कर रहा हो. पुलिस अधिकारियों को सबसे ज्यादा हैरानी इस बात पर हुई कि भीषण गर्मी के बावजूद युवक ने हूडी पहन रखी थी. इसी असामान्य व्यवहार ने जांच को नई दिशा दी.

तकनीकी जांच और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने हूडी पहने युवक की पहचान 22 वर्षीय चेतन बाबूलाल चौधरी के रूप में की. सोशल मीडिया प्रोफाइल की तस्वीरों का सीसीटीवी फुटेज से मिलान करने पर दोनों में समानता पाई गई, जिसके बाद जांच का फोकस चेतन पर केंद्रित हो गया.

2004 कॉल्स ने खोली साजिश की परतें

जांच के दौरान पुलिस को सिया गोयल के व्यवहार पर भी संदेह हुआ. अधिकारियों के मुताबिक, केतन की मौत के बाद सिया में सामान्य शोक के भाव नहीं दिखे. वहीं केतन के चाचा ने पुलिस को बताया कि सिया पहले शादी को लेकर हिचकिचाहट जता चुकी थी और उसने शादी एक साल के लिए टालने की बात भी कही थी.

जब पुलिस ने कॉल रिकॉर्ड खंगाले तो चौंकाने वाले तथ्य सामने आए. जांच में पता चला कि पिछले सात महीनों में सिया और चेतन के बीच 2004 फोन कॉल्स हुई थीं, जिनमें दोनों ने करीब 238 घंटे बातचीत की थी.

शादी की तैयारियों के बीच चल रहा था प्रेम संबंध

पुलिस के अनुसार, केतन अग्रवाल महाराष्ट्र के एक प्रतिष्ठित कारोबारी परिवार से ताल्लुक रखते थे. फरवरी में उनकी सगाई सिया गोयल से हुई थी और नवंबर में भव्य शादी की तैयारी चल रही थी. बताया जा रहा है कि शादी के लिए प्राइवेट जेट और महलों जैसे भव्य इंतजाम किए जा रहे थे.

हालांकि जांच में सामने आया कि सिया पहले से ही चेतन चौधरी के साथ प्रेम संबंध में थी. दोनों की मुलाकात 2025 में एक कारोबारी कार्यक्रम के दौरान हुई थी. सिया बेकरी व्यवसाय चलाती थी, जबकि चेतन ड्राई फ्रूट के कारोबार से जुड़ा था.

लोहागढ़ किले पर रची गई हत्या की साजिश

पुलिस का आरोप है कि चेतन, केतन को अपने रिश्ते में बाधा मानता था. जांच एजेंसियों के मुताबिक, सिया ने केतन को घूमने के बहाने लोहागढ़ किले पर बुलाया. बाद में चेतन भी वहां पहुंचा और दोनों ने मिलकर कथित तौर पर केतन को पीछे से धक्का देकर गहरी खाई में गिरा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई.

पहले भी की गई थी हत्या की कोशिश

जांच में यह भी सामने आया कि हत्या से पहले भी केतन को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई थी. पुलिस का दावा है कि 14 जून को लोहागढ़ किले पर सिया ने कथित तौर पर केतन को चट्टान के किनारे से धक्का देने की कोशिश की थी, लेकिन वह झाड़ी पकड़कर बच गया. शक से बचने के लिए सिया ने सांप देखने का बहाना बनाया और बाद में उसे गले लगाकर चिंता जताने का नाटक किया.

इसके अलावा, बाली में होने वाले प्री-वेडिंग फोटोशूट ट्रिप को भी कथित तौर पर सिया ने विफल करने की कोशिश की थी. केतन के परिवार का आरोप है कि मुंबई एयरपोर्ट पर उनका पासपोर्ट गायब होने के पीछे भी सिया का हाथ था.

'प्लान सी' का भी हुआ खुलासा

पुलिस जांच में कथित तौर पर 'प्लान सी' का भी जिक्र सामने आया है, जिसे आरोपी तब अंजाम देने वाले थे जब उनके पहले प्रयास असफल हो जाते. फिलहाल सिया गोयल और चेतन चौधरी को गिरफ्तार कर लिया गया है. दोनों पर हत्या और आपराधिक साजिश रचने का मामला दर्ज किया गया है. अदालत ने दोनों को सात दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है. मामले की जांच जारी है.

Share Now